Jharkhand: टाटा-कांड्रा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आकर तीन की मौत; चालक हुआ फरार
सरायकेला-खरसावां जिले के टाटा–कांड्रा मुख्य मार्ग पर टूल रूम के पास अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आकर तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के टाटा–कांड्रा मुख्य मार्ग पर टूल रूम के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर (संख्या NL-02-Q-7066) ने सड़क पर कहर बरपाते हुए तीन लोगों की जान ले ली। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर ने सबसे पहले पीछे से एक स्कूटी (संख्या JH-05-DH-5095) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार सड़क पर जा गिरा। इसके बाद ट्रेलर चालक चलती गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। चालक के बिना ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए सड़क की दूसरी लेन में चला गया।
इसी दौरान सामने से आ रही एक बुलेट बाइक (संख्या JH-05-BV-1386) सीधे बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आ गई। बाइक पर सवार दो युवकों में से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें- Jharkhand: घुसपैठ और मनी लॉन्ड्रिंग केस में हाईकोर्ट का फैसला, बांग्लादेशी नागरिक रोनी मंडल की याचिका खारिज
पुलिस ने ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। इस हादसे के कारण टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।