{"_id":"6a9968c9c6b5524e3e03df69","slug":"after-the-bjp-the-india-alliance-met-the-chief-secretary-regarding-student-related-issues-the-alliance-urged-that-students-and-unruly-elements-not-be-viewed-through-the-same-lens-and-insisted-that-any-action-be-based-on-video-footage-ranchi-news-c-1-1-noi1475-4681682-2026-09-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"झारखंड: छात्र आंदोलन पर सियासी संग्राम तेज, मुख्य सचिव से मिले गठबंधन नेता; 48 घंटे में कार्रवाई की मांग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
झारखंड: छात्र आंदोलन पर सियासी संग्राम तेज, मुख्य सचिव से मिले गठबंधन नेता; 48 घंटे में कार्रवाई की मांग
Thu, 03 Sep 2026 08:05 PM IST
राँची ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: राँची ब्यूरो
Updated Thu, 03 Sep 2026 08:05 PM IST
सार
Jharkhand News: झारखंड में छात्र आंदोलन को लेकर भाजपा के बाद इंडिया गठबंधन ने भी मुख्य सचिव से मुलाकात की। गठबंधन नेताओं ने आंदोलन की आड़ में कथित अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई, वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान और जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं की जांच में तेजी की मांग की। साथ ही निर्दोष छात्रों को परेशान नहीं करने की बात कही।
विज्ञापन
मुख्य सचिव से मुलाकात करते इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधि
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
झारखंड में छात्र आंदोलन को लेकर सियासी टकराव तेज हो गया है। बुधवार को भाजपा प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्य सचिव से मुलाकात कर छात्र आंदोलन से जुड़े मामलों में दर्ज एफआईआर वापस लेने और पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग के बाद गुरुवार को इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। गठबंधन नेताओं ने छात्र आंदोलन की आड़ में कथित रूप से अराजकता फैलाने और माहौल बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
अराजकता पर सख्त कार्रवाई की मांग
झामुमो, कांग्रेस, राजद और माले के नेताओं ने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति संवेदनशील है। शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन आंदोलन की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई जरूरी है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को आंदोलन से संबंधित वीडियो फुटेज भी सौंपे और इनके आधार पर दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
'छात्रों और अराजक तत्वों को एक नजर से न देखें'
झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि छात्रों और अराजक तत्वों को एक नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। वीडियो फुटेज के आधार पर आंदोलन में शामिल लोगों की भूमिका की जांच हो और जो भी अराजक गतिविधियों में शामिल पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के विभिन्न संगठनों और विंगों ने छात्र आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विज्ञापन
कांग्रेस ने 48 घंटे में कार्रवाई की मांग की
कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि छात्रों की आड़ में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ 48 घंटे के भीतर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सीआईडी जांच में तेजी लाने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर कार्रवाई में देरी से अराजक तत्वों का मनोबल बढ़ सकता है।
जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं की जांच में तेजी लाने की भी मांग
गठबंधन नेताओं ने जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़ी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच में तेजी लाने की भी मांग की। विशेष रूप से सीजीएल परीक्षा से जुड़े मामलों में पारदर्शी और निर्णायक कार्रवाई पर जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि जांच एजेंसियां पहले से सक्रिय हैं और आरोपियों से पूछताछ एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई चल रही है।
यह भी पढ़ें: झारखंड: कार रोककर फोन पर बात कर रहा था युवक, बाइक सवार बदमाशों ने बरसा दी गोलियां
छात्र हो या राजनीतिक कार्यकर्ता, दोषी पर समान कार्रवाई की बात
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि जांच में कोई छात्र भी अराजक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो केवल छात्र होने के आधार पर उसे संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। दोष साबित होने पर छात्र हो या राजनीतिक कार्यकर्ता, सभी के खिलाफ समान रूप से कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही निर्दोष छात्रों को किसी भी स्थिति में परेशान नहीं किए जाने की मांग की गई।
कई विधायक और वरिष्ठ नेता रहे प्रतिनिधिमंडल में शामिल
प्रतिनिधिमंडल में झामुमो के महासचिव विनोद कुमार पांडेय, विधायक विकास मुंडा, विधायक एमटी राजा और विधायक सुदीप गुड़िया, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक राजेश कच्छप, विधायक सुरेश बैठा, विधायक ममता देवी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर तथा राजद के मनोज पांडेय और आबिद अली शामिल थे।