{"_id":"6b0b9e69b1b0b685660865f2","slug":"jharkhand-cisf-tightens-the-net-on-coal-smugglers-in-dhanbad-explosives-and-mining-machinery-seized-2026-11-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"झारखंड: धनबाद में कोयला तस्करों पर सीआईएसएफ का शिकंजा, कैथरडीह जंगल से विस्फोटक और खनन मशीनें जब्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
झारखंड: धनबाद में कोयला तस्करों पर सीआईएसएफ का शिकंजा, कैथरडीह जंगल से विस्फोटक और खनन मशीनें जब्त
Sun, 29 Nov 2026 09:09 AM IST
शबाहत हुसैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धनबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धनबाद
Published by: शबाहत हुसैन
Updated Sun, 29 Nov 2026 09:09 AM IST
सार
धनबाद में अवैध कोयला खनन के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की। कैथरडीह जंगल से 51 विस्फोटक, 39 डेटोनेटर और खनन उपकरण जब्त किए गए। 24 संदिग्ध मजदूर पकड़े गए। कई अवैध खनन मुहानों को भी बंद कराया गया।
विज्ञापन
बीसीसीएल का कोयला खदान (प्रतीकात्मक तस्वीर)।
- फोटो : amarujala.com
विस्तार
बीसीसीएल के क्षेत्र-12 (बसंतमाता) के अंतर्गत कैथरडीह जंगल में अवैध कोयला खनन के खिलाफ अभियान चलाते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान 51 विस्फोटक और 39 डेटोनेटर बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा बल ने मौके से अवैध खनन में संलिप्त 24 संदिग्ध मजदूरों को पकड़कर कालूबथान थाना पुलिस को सौंप दिया है।
विज्ञापन
भारी मात्रा में खनन उपकरण और कोयला जब्त
छापेमारी के दौरान सीआईएसएफ की टीम ने स्थल से ट्रैक्टर सहित कंप्रेसर मशीन, पोर्टेबल जनरेटर और मिट्टी की खुदाई करने वाली मशीन जब्त की है। सीआईएसएफ ने बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 13 अत्यंत संवेदनशील स्थलों पर एक साथ छापेमारी और गहन तलाशी अभियान चलाया। आकाशकिनारी स्थित सलानपुर परियोजना के समीप से 670 किलोग्राम अवैध कोयला जब्त किया गया। कोयले के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई और 133 वाहनों की जांच की गई। सिजुआ स्थित खदानों तथा आसपास के संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे से विशेष निगरानी की गई।
विज्ञापन
कुआंनुमा अवैध मुहानों को कराया बंद
टीम ने बसंतमाता के कैथरडीह जंगल में बने 50 से 60 फीट गहरे छह अवैध कुआंनुमा मुहानों को पूरी तरह भरकर बंद करा दिया है। इसके अलावा बरौरा क्षेत्र में दो, महुदा में एक तथा निचितपुर में एक अवैध मुहाने और रास्ते को मिट्टी से भरकर हमेशा के लिए बंद कर दिया गया। सुरक्षा बल की इस पहल का उद्देश्य अवैध खनन के रास्तों को स्थायी रूप से खत्म करना है ताकि दोबारा वहां से कोयले की चोरी न हो सके।
विज्ञापन
कोयला तस्करों और कारोबारियों पर पैनी नजर
एरिया-12 के अंतर्गत आने वाले झारखंड क्षेत्र के चिरकुंडा, पंचेत और कालूबथान थाना क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। डमरीजोड़, लुचीबाद, कारगिल, पलिसया, कैथरडीह और जामदेही समेत कई इलाकों में अवैध कारोबारियों की सक्रियता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। सीआईएसएफ के उप महानिरीक्षक मुख्यालय से गतिविधियों पर सीधे नजर बनाए हुए हैं। सीआईएसएफ की टीम अवैध कोयला कारोबार में लगे लोगों की पहचान में जुटी है, जिसमें कई कारोबारियों के नाम सामने आए हैं और उनका सत्यापन किया जा रहा है। पूर्व में भी डुमरीजोड़, लुचीबाद और कारगिल क्षेत्र में छापेमारी कर ट्रैक्टर, डीजे मशीन तथा मोटरसाइकिलें जब्त करके जांच के लिए पंचेत थाना पुलिस को दी गई थीं।
