कश्मीर में मदद के लिए आगे आया वर्ल्ड बैंक
राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में क्षतिग्रस्त ढांचे के पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास कार्य के लिए वर्ल्ड बैंक ने राज्य सरकार को वित्तीय सहायता देने की बात कही। सोमवार को वर्ल्ड बैंक और राज्य सरकार की टीम के बीच बैठक के दौरान यह चर्चा हुई।
इस मौके पर राज्य सरकार की टीम का नेतृत्व कर रहे योजना एवं विकास विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी बीआर शर्मा और वर्ल्ड बैंक की टीम का नेतृत्व कर रहे सौरभ दानी के बीच बैठक हुई। फाइनेंस विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी बीबी व्यास ने वर्ल्ड बैंक द्वारा राज्य में राहत एवं पुनर्वास कार्य में आर्थिक सहायता देने की पेशकश के फैसले का स्वागत किया।
बैठक में राजस्व, राहत एवं पुनर्वास विभाग के कमिश्नर सेक्रेटरी विनोद कौल ने पिछले वर्ष सितंबर माह के दौरान आई बाढ़ के कारण हुए नुकसान के बारे में पूरी जानकारी दी। बाढ़ के कारण दो लाख 54 हजार के करीब निजी इमारतों का नुकसान हुआ है, जबकि 6500 करोड़ रुपये तक के सार्वजनिक ढांचों का नुकसान झेलना पड़ा है।
वर्ल्ड बैंक और राज्य सरकार की टीम की हुई बैठक
बैठक के दौरान वर्ल्ड बैंक की टीम ने कहा कि वह इस बात से अवगत हैं कि बाढ़ के कारण राज्य की आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने राज्य सरकार को आश्वासन दिया कि वह राज्य की आर्थिक और ढांचागत स्थिति को सुधारने के लिए पूरी आर्थिक सहायता मुहैया करवाएंगे।
लोगों के पुनर्वास के लिए भी काम किया जाएगा। वर्ल्ड बैंक की टीम ने राज्य सरकार को कहा कि वह बाढ़ के कारण हुए नुकसान से संबंधित सभी रिपोर्ट को जल्द से जल्द केंद्र सरकार को सौंपे, ताकि नुकसान और जरूरत का आकलन कर राज्य में राहत एवं पुनर्वास कार्य को जल्द शुरू किया जा सके।
टीम ने विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिवों के साथ चर्चा कर रिपोर्ट जल्द तैयार करने के लिए कहा। टीम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए कुछ सदस्यों की टीम को श्रीनगर के लिए रवाना किया।