Weather Woes: रामबन के नाले में बहे दो शिक्षकों की मौत, अनंतनाग में पेड़ गिरने से किसान की गई जान
रामबन में पर्यटन स्थल पटनीटाॅप-सरासर लिंक रोड पर बाढ़ ग्रस्त इलाके में दो सरकारी शिक्षकों के शव मिले हैं। आशंका है कि मंगलवार की देर शाम भारी बारिश के कारण दोनों की बह जाने से मौत हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में मंगलवार रात से बुधवार दोपहर तक भारी बारिश ने तबाही मचाई। रामबन में पर्यटन स्थल पटनीटाॅप-सरासर लिंक रोड पर बाढ़ ग्रस्त इलाके में दो सरकारी शिक्षकों के शव मिले हैं। आशंका है कि मंगलवार की देर शाम भारी बारिश के कारण दोनों की बह जाने से मौत हुई है।
अनंतनाग जिले के सल्लार क्षेत्र के शेखपोरा में बुधवार दोपहर देवदार का पेड़ रिहायशी शेड पर गिर गया। इसके नीचे दबने से किसान बशारत अहमद शाह (32) की मौके पर मौत हो गई। उनका भाई व मां गंभीर रूप से घायल हो गए। निक्की तवी (जम्मू) क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने से तवी किनारे पांच मकान और पांच कुल्ले बह गए। सब्जी और अन्य खेती को नुकसान पहुंचा है।
रामबन में बुधवार सुबह 9.30 बजे पटनीटॉप पुलिस चौकी को सूचना मिली कि जलेबी मोड़ के पास सड़क किनारे मोटरसाइकिल (जेके14डी-9667) पड़ी है। नाले के पास एक शिक्षक का सड़क से करीब 150 मीटर और दूसरे का 300 मीटर की दूरी पर शव मिला।
इनकी पहचान जगदेव सिंह और संजय कुमार दोनों निवासी घोरड़ी (रामनगर) के रूप में हुई है। दोनों घोरड़ी के सरकारी स्कूल में तैनात थे और कुद स्थित जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रहे थे। मंगलवार को कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मोटरसाइकिल पर सनासर की तरफ निकले थे। दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को साैंप दिए गए हैं।
उधर, झमाझम बारिश से जम्मू-कश्मीर के नदी-नाले उफान पर रहे। कटड़ा में मंगलवार रात 10.30 बजे से बुधवार शाम छह बजे तक भूस्खलन के कारण बीस घंटे बंद हिमकोटि मार्ग को बहाल कर दिया गया। वैष्णो देवी वाण गंगा से गुलशन लंगर से वैकल्पिक मार्ग को भी खोला गया है। कटड़ा में 24 घंटे में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई है। कटड़ा-सांझीछत चाॅपर सेवा लगातार प्रभावित है। लखनपुर से कश्मीर तक कई हिस्सों में बारिश से पारे में गिरावट आई है। श्रीनगर समेत कई हिस्सों में दोपहर तक बारिश हुई। किश्तवाड़, डोडा, राजोरी में भी बारिश से पारा गिरा है।
जम्मू संभाग में नाै डिग्री तक गिरा पारा
जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों में मौसम के बदले मिजाज से दिन का पारा सामान्य से 5 से 9 डिग्री तक गिर गया है। जम्मू में मंगलवार रात से बुधवार शाम तक रुक-रुक बारिश जारी रही। यहां दिन का तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस गिरकर 29.7 और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में अधिकतम तापमान 23.8, बटोत में 22.1, कटड़ा में 25.8 और भद्रवाह में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में दिन का पारा 28.6, पहलगाम में 21.8 और गुलमर्ग में 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज आठ जिले प्रभावित हो सकते हैं
मौसम विज्ञान केंद्र ने वीरवार को जम्मू संभाग के राजोरी, रियासी, रामबन, डोडा, उधमपुर, जम्मू, सांबा और कठुआ के कुछ हिस्सों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। संभावित क्षेत्रों पर लोगों को नदी नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। इन क्षेत्रों में भूस्खलन, बाढ़ और पहाड़ों से पत्थर गिरने का खतरा रहेगा।
आईटीबीपी जवानों को लाने जा रही
बस सिंध नाले में गिरी, चालक घायल
गांदरबल। जिले में बुधवार सुबह आईटीबीपी जवानों को लाने जा रही एक बस भारी बारिश के बीच सिंध नाले में गिर गई। इसका चालक मामूली रूप से घायल हो गया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और स्थानीय लोगों की मदद से बस को नाले से बाहर निकाला। एसएसपी खलील पोसवाल ने बताया कि घटना के समय बस में चालक ही था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इतना रहा जलस्तर
- तवी जम्मू का जल स्तर 11 फीट
- चिनाब 29 फीट
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.