फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   Jammu And Kashmir News: Truck Carrying Arms And Ammunition Has Been Recovered In lakhanpur Kathua

जम्मू-कश्मीर में हमले की साजिश नाकाम, सेब की पेटी में रखे थे हथियार, जैश के तीन आतंकी गिरफ्तार

Fri, 13 Sep 2019 01:46 AM IST
Pranjal Dixit न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कठुआ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कठुआ Published by: Pranjal Dixit Updated Fri, 13 Sep 2019 01:46 AM IST
सार

  • चार एके 56, दो एके 47, छह मैगजीन,180 कारतूस सहित नकदी बरामद
  • राज्य में दाखिल होते ही किया गिरफ्तार, तीनों दहशतगर्द कश्मीर के
  • पंजाब से आ रहा था ट्रक, सेब की पैकिंग के लिए गत्ते के डिब्बे लदे थे
  • हथियारों को चालक के पीछे की सीट में छिपाया गया था
  • पंजाब के रास्ते श्रीनगर पहुंचाया जाना था गोला-बारूद

विज्ञापन
Jammu And Kashmir News: Truck Carrying Arms And Ammunition Has Been Recovered In lakhanpur Kathua
लखनपुर में पकड़े गए आतंकी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जम्मू-कश्मीर में बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद के तीन दहशतगर्दों को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। राज्य की सीमा में दाखिल होते ही लखनपुर में पकड़े गए इन आतंकियों के पास से चार एके 56, दो एके 47 राइफल के साथ-साथ छह मैगजीन, 180 कारतूस और 11 हजार की नकदी बरामद की गई है। ट्रक में सेब की पैकिंग के लिए गत्ते के डिब्बे लदे थे। हथियारों को चालक के पीछे की सीट में छिपाया गया था। फिलहाल आतंकियों से पूछताछ जारी है। 

विज्ञापन


जिला पुलिस प्रमुख श्रीधर पाटिल ने बताया कि वीरवार सुबह आठ बजे पुख्ता सूचना पर पुलिस ने लखनपुर के नजदीक नाका लगाकर ट्रकों की जांच शुरू कर दी। इसी बीच पंजाब की ओर से आ रहे ट्रक (जेके13ई-2000) की जांच में हथियारों की खेप बरामद हुई है। गिरफ्तार किए गए आतंकियों की पहचान उबैद-उल-इस्लाम निवासी अघलार कंडी (राजपोरा-पुलवामा), जहांगीर अहमद पारे निवासी पाखरपोरा (चरार-ए-शरीफ, बडगाम) और सबील अहमद बाबा निवासी अघगार कंडी (राजपोरा-पुलवामा) के रूप में हुई है। 
विज्ञापन


कठुआ पुलिस ने पकड़े गए आतंकियों से  संबंधित जिलों की पुलिस से संपर्क किया है। सूत्रों का कहना है कि ट्रक दिल्ली की ओर से चला था, जिसमें अमृतसर के आसपास हथियार लोड किए गए थे। सुरक्षा एजेंसियां भी लगातार संपर्क बनाए हुए है। मामले की जांच के लिए पंजाब पुलिस ने भी विशेष अभियान समूह के एक ग्रुप को कठुआ भेजा है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


आतंक के नेटवर्क को खंगालने की कोशिश पाटिल ने बताया कि पकड़े गए आतंकियों से लगातार पूछताछ चल रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह मॉडयूल हथियारों की सप्लाई से संबंधित लग रहा है। जिस ट्रक से यह आतंकी आ रहे थे, उसी में बैठकर किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की बात फिलहाल सामने नहीं आई थी। जैश के आका पाकिस्तान में बैठे हैं लिहाजा कश्मीर के लिए जाने वाले इस असलाह की खेप कहां से आई थी, इसकी जांच जारी है। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि पकड़े गए आतंकियों ने क्या-क्या प्रशिक्षण लिया था। 


हर पहलू पर जांच की जा रही

एसएसपी पाटिल ने कहा कि लखनपुर में पकड़े गए आतंकियों और हथियारों की खेप जम्मू कश्मीर पुलिस की एक बड़ी कामयाबी है। पुलिस आतंक की एक बड़ी साजिश को नाकाम करने में सफल रही है। यह हथियार यदि कश्मीर तक और गलत हाथों में पहुंच जाते तो कई कीमती जानें जा सकती थीं। प्राथमिक जांच में आतंकियों को खालिस्तानी आतंकियों से मदद के संकेत नहीं मिले हैं लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।


आईबी से घुसपैठ करने का अंदेशा

इन हथियारों और गोलियों की तस्करी संभवत: जैश-ए-मोहम्मद के मॉड्यूल के लिए की जा रही थी ताकि आतंकवादी गतिविधि को अंजाम दिया जा सके। ऐसा माना जाता है कि इन संदिग्ध आतंकवादियों में से किसी ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से पठानकोट के बामियाल सीमा से होकर ओवर ग्राउंड वर्कर की मदद से घुसपैठ की थी। 

आतंकियों ने सेब के गत्ते की पेटियों में छिपा रखे थे हथियार

Jammu And Kashmir News: Truck Carrying Arms And Ammunition Has Been Recovered In lakhanpur Kathua
जम्मू-कश्मीर के लखनपुर में पकडे़ गए जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने ट्रक में सेब पैकिंग के लिए जा रही गत्ते की खाली पेटियों में हथियार छिपा रखे थे। तीनों आतंकी पंजाब के रास्ते घाटी में हमले की फिराक में निकले थे लेकिन चौकस पुलिस ने इसे तार-तार कर दिया। प्रदेश में अनुच्छेद 370 हटाने के बाद इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।  

हथियारों की सप्लाई के लिए पंजाब को चुना 
श्रीनगर में सेना की मौजूदगी और सीमा पर घुसपैठ रोकने के लिए मुस्तैद बीएसएफ के कारण आतंकियों के हौसले पस्त हैं। ऐसे में इन्होंने हथियारों की सप्लाई के लिए पंजाब का रास्ता चुना है। पंजाब पुलिस ने भी स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) की एक टीम को जांच से जुड़ने के लिए फौरन कठुआ भेज दिया।

जम्मू-कश्मीर में आतंक फैलाने के लिए फिर बदला पैंतरा, पंजाब के रास्ते हथियारों की सप्लाई

Jammu And Kashmir News: Truck Carrying Arms And Ammunition Has Been Recovered In lakhanpur Kathua
पुलिस हिरासत में पकड़े गए आतंकी, बरामद ट्रक - फोटो : ANI
जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त किए जाने के बाद पांच अगस्त से कश्मीर घाटी में लगातार बंद जैसे हालात और आतंकियों के लिए लगातार चलाए जा रहे कासो को देखते हुए पाकिस्तान में बैठे आतंक के सरगनाओं ने फिर से पैंतरा बदल लिया है। एलओसी पर लगातार भारी गोलाबारी कर जहां सुरक्षाबलों का ध्यान भटकाया जा रहा है, वहीं कश्मीर घाटी में चप्पे-चप्पे पर तैनात सुरक्षाबलों की मुस्तैदी को देखते हुए पंजाब के रास्ते हथियारों की सप्लाई शुरू की गई है। 

लखनपुर में आबकारी टोल प्लाजा पर गुड्स स्कैनर की योजना को पिछले डेढ़ दशक में अंजाम तक न पहुंचाया जाना आतंकियों के लिए बड़ा वरदान साबित हो सकता है। हालांकि कठुआ पुलिस की मुस्तैदी से लखनपुर पार करने से पहले ही आतंकियों को गिरफ्तार कर हथियारों को जब्त कर लिया गया है।

लखनपुर टोल प्लाजा के रास्ते रोजाना ढाई से तीन हजार ट्रक आयात-निर्यात के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में जांच के नाम पर आबकारी विभाग की टीम गिने चुके ट्रकों को ही रोककर जांच करती रही है। कई बार मामले पकड़े जाते हैं, तो कई बार लखनपुर टोल प्लाजा से आसानी से तस्करी होती रही है। मवेशी से लेकर जड़ी-बूटियों, सीमेंट, विलो आदि की तस्करी आम बात है। 


आतंकियों को घाटी तक पहुंचाने के मॉडयूल का हो चुका है खुलासा

ठीक एक साल पहले जम्मू के झज्जर कोटली में हुए मुठभेड़ के साथ ही पाक प्रशिक्षित आतंकियों को जम्मू कश्मीर में घुसपैठ करवाने के नए तरीके का खुलासा हो चुका है। इस दौरान कश्मीर के ट्रक का इस्तेमाल कर आतंकियों को आईबी से सटे नेशनल हाईवे से कश्मीर घाटी तक पहुंचाने का खुलासा हुआ था। हालांकि झज्जर कोटली के नजदीक आतंकियों की ट्रक में मौजूदगी भांप ली गई और मुठभेड़ में उन्हें ढेर भी कर दिया गया था। हीरानगर और सांबा सेक्टर में भारी सुरक्षाबलों की तैनाती और मुस्तैदी के बाद आतंकी घुसपैठ करने में नाकामयाब रहे हैं। लिहाजा अब आतंकियों के लिए हथियारों की सप्लाई पंजाब के रास्ते जम्मू कश्मीर विशेषकर घाटी तक पहुंचाई जा रही है।


हिजबुल के इसी तरह के मॉड्यूल का जनवरी में हुआ था खुलासा

इसी साल जनवरी माह के पहले सप्ताह में जम्मू कश्मीर पुलिस ने लखनपुर से दो लोगों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए दोनों युवकों के तार हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़ने की बात सामने आई थी। पुलिस ने बताया था कि आतंकियों को हथियार सप्लाई करने का काम संदिग्ध कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास से आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के 71 हजार रुपये बरामद करने का दावा भी किया था। पंजाब की ओर से आ रहे ट्रक से पुलिस ने चालक आकिब और निसार अहमद निवासी चरसू, अवंतीपोरा से पूछताछ की थी, जिसके बाद पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियों निवारण एक्ट, 120 बी और 7/27 आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामलों में केस दर्ज किया था।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed