जम्मू-कश्मीर: सरहद पर तैनात जवानों तक पहुंची अपनों की मिठास, पूर्व सैन्य अधिकारी ने भेजे दिवाली के तोहफे
सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल गीता एस ने अपनी पहल के तहत जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए दिवाली पर मिठाइयां और उपहार भेजकर उनके साथ खुशियां साझा कीं।
विस्तार
दीपावली खुशियां बांटने और अपनों के साथ त्योहार मनाने का अवसर है, लेकिन देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए यह दिन भी उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बीच गुजरता है। ऐसे में उनके चेहरों पर मुस्कान लाने और उन्हें त्योहार की खुशियों से जोड़ने के उद्देश्य से सेना से सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल गीता एस ने एक सराहनीय पहल की। उनके प्रयासों से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए दीपावली के अवसर पर मिठाइयों और उपहारों के बॉक्स भेजे गए।
इस पहल को सफल बनाने में पूर्व सैन्य अधिकारियों, दोस्तों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। सभी ने मिलकर मिठाइयों और उपहारों के बॉक्स तैयार किए, जिन्हें जवानों तक पहुंचाया गया। इन बॉक्स पर एक खास संदेश भी लिखा गया था।'फौजी भाइयों के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को शत-शत नमन।' यह संदेश केवल शुभकामनाएं नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति था।
लेफ्टिनेंट कर्नल गीता एस ने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी लोगों ने पूरे उत्साह और आत्मीयता के साथ योगदान दिया। उनके अनुसार, यह पहल किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की सामूहिक भावना का परिणाम है, जो देश की रक्षा में जुटे सैनिकों को यह एहसास कराना चाहते हैं कि देशवासी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े हैं।
कारगिल विजय दिवस पर शुरू हुई थी पहल
पुणे में रहने वाली सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल गीता एस ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वेटरन्स यानी पूर्व सैनिकों और सीनियर सिटीजन्स की सहायता के उद्देश्य से 'स्वाद- हमारे घर का' नाम से एक छोटी-सी पहल शुरू की थी। इसी पहल के माध्यम से उन्होंने सैनिकों तक घर जैसी आत्मीयता और त्योहारों की खुशियां पहुंचाने का प्रयास किया। दीपावली पर मिठाइयां और गिफ्ट बॉक्स भेजने का यह अभियान भी इसी सोच का विस्तार है।
उनके इस प्रयास की विभिन्न स्तरों पर सराहना हुई। पुणे के जिलाधिकारी एवं मजिस्ट्रेट जितेंद्र ढुड़ी ने भी उन्हें इस सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया। इसके साथ ही सेना की ओर से भी इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
लेफ्टिनेंट कर्नल गीता एस की यह पहल बताती है कि देश के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करने के लिए सीमा पर होना ही जरूरी नहीं है। कभी एक छोटा-सा उपहार, मिठाई का डिब्बा और उसमें लिखा कुछ आत्मीय शब्द भी हजारों किलोमीटर दूर तैनात जवानों तक अपनेपन का एहसास पहुंचा सकते हैं। और यकीन मानिए बॉर्डर पर तैनात फौजियों के लिए इतनी छोटी सी बात भी बहुत मायने रखती है। यह दीपावली उनके लिए सिर्फ मिठाइयां भेजने का अवसर नहीं, बल्कि सरहद के रक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की एक खूबसूरत कोशिश बन गई। हम आगे भी सभी के सहयोग से इस तरह के कार्य करते रहेंगे।