श्रीनगर केे हाई सिक्योरिटी जोन में रात 12 बजे आतंकी हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार की रात लगभग 12 बजे श्रीनगर के वीवीआईपी इलाके राममुंशी बाग में बाइक सवार आतंकियों ने पुलिस नाके पर गोलियां बरसाईं। दो पुलिस कर्मियों के घायल होने की सूचना है। सनद रहे कि मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों की रिहायश वाली गुपकार रोड और सर्किट हाउस घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर हैं।
घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर सेना की 15 कोर का मुख्यालय भी है। हाई सिक्योरिटी जोन में आतंकियों की मौजूदगी ने पुलिस और सुरक्षा बलों की नींद उड़ा दी है। घाटी हाई अलर्ट पर है। तीन दिन में घाटी में यह लगातार तीसरा आतंकी हमला है।
खास बात यह है कि आतंकी हर बार बच निकलने में कामयाब हुए हैं। माना जा रहा है कि लोकल सपोर्ट के बिना ऐसा मुमकिन नहीं है। चिंता का बड़ा कारण यह भी है कि 16 दिन बाद ही अनंतनाग में मतदान होना है। इन दिनों में श्रीनगर में विधानसभा का सत्र भी चल रहा है।
फायरिंग में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना
जानकारी के मुताबिक आधी रात को हाई सिक्योरिटी जोन वाले राम मुंशी बाग थाने से करीब 100 मीटर दूर लगे पुलिस नाके पर दो मोटरसाइकिल सवार पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की, पर आतंकी भागने में सफल रहे।
सूत्रों के मुताबिक आतंकियों की फायरिंग में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आतंकी हमले के तुरंत बाद इलाके में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती कर सर्च आपरेशन शुरू कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार शाम को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर बीएसएफ के काफिले पर हमला करने के 19 घंटे बाद ही आतंकियों ने अनंतनाग बस स्टैंड में पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया था। बिजबिहाड़ा हमले में बीएसएफ के तीन जवान शहीद हो गए थे जबकि अनंतनाग बस स्टैंड हमले में पुलिस के एक एएसआई और एक कांस्टेबल की मौत हो गई थी।
इन दो हमलों के बाद हाई सिक्योरिटी जोन में घुसकर पुलिस नाके पर तैनात जवानों पर हमला कर आतंकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है।