सशस्त्र सीमा बल के काफिले पर हमला, आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के जकूरा इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात जवान अपनी ड्यूटी से वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान आतंकियों ने उनके काफिले को निशाना बनाकर हमला किया। एसएसबी के आईजी दीपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि हमले में एक जवान शहीद हुआ है जबकि 8 अन्य जवान घायल हुए हैं।
UPDATE: One SSB jawan lost his life in terrorists attack on SSB patrol party in Zakura (J&K)
— ANI (@ANI_news) October 14, 2016
पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन जारी
सीआरपीएफ के एक आलाअधिकारी ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि घटनास्थल से कुछ ही दूर पर सीआरपीएफ का कैंप है। एसएसबी के जवान ड्यूटी से वापस लौट रहे थे इसी दौरान उन पर हमला हुआ। आतंकियों की तलाश के लिए पूरे इलाके को घेर कर सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में मंगलवार को आतंकियों ने सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर ग्रेनेड हमला किया था। इस हमले में कुल 12 लोग जख्मी हुए थे।