जम्मू। भारतीय तेज गेंदबाज उमरान मलिक भारत पुरुष चयन समिति के राडार पर हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उमरान को राष्ट्रीय टीम में चयन का एक और मौका दिया है। वह 2024-25 घरेलू सीजन के लिए राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के हाई परफॉर्मेंस मोनिटरिंग प्रोग्राम के लिए 30 सदस्यीय खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल किए गए हैं।
पिछले घरेलू सीजन और फिर मौजूदा आईपीएल में उमरान का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। हालांकि बीसीसीआई ने उन्हें उन पांच खिलाड़ियों में रखा है, जिन्हें खास कॉन्ट्रेक्ट मिला है। ऐसे में उमरान के पास इस प्रोग्राम के माध्यम से फिर से भारतीय टीम में वापसी करने का मौका है। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) की उप समिति ने कहा कि एनसीए ने प्रभावी और निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। इसका उमरान को कड़ाई से पालन करना होगा। इसमें चोट की रोकथाम और खिलाड़ियों के ओवरलोड पर नजर रखने के लिए जीपीएस यूनिट दिया जाएगा। बता दें कि उमरान मलिक ने 155 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी की है। उन्होंने 18 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 24 विकेट चटकाए हैं। एनसीए के हाई परफॉर्मेंस कार्यक्रम के लिए के लिए 30 खिलाड़ियों को चुना गया है। इसमें श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, मुशीर खान, मयंक यादव, उमरान मलिक, आवेश खान, कुलदीप सेन, हर्षित राणा, खलील अहमद, आशुतोष, तुषार देशपांडे, रियान पराग, साई सुदर्शन, साई किशोर, देवदत्त पडिक्कल, पृथ्वी शॉ, तनुष कोटियन व अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।