शिरोमणि अकाली दल (मान) के जत्थे को J&K की सीमा पर रोका
कश्मीर कूच पर निकले शिरोमणि अकाली दल (मान) के मुखिया पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान को समर्थकों के साथ राज्य के प्रवेश द्वार लखनपुर में पुलिस ने रोक लिया। पुलिस की कड़ी नाकेबंदी से भड़के समर्थकों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात बहाल करवाया। दोपहर 12 बजे से कश्मीर जाने की जिद पर अड़े मान और उनके समर्थकों ने देर शाम तक लखनपुर में डेरा डाले रखा।
प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कश्मीर की आजादी और खालिस्तान के समर्थन में नारेबाजी की। सेना के खिलाफ भी नारे लगाए। वे मकबूल बट, अफजल गुरू और बुरहान वानी को शहीद बताने वाले पोस्टर लिए थे।
भाजपा पर लगाया हिंसा फैलाने का आरोप
पुलिस द्वारा आगे जाने की अनुमति न दिए जाने पर उन्होंने मजिस्ट्रेट के आदेश की मांग की। अतिरिक्त जिलाधीश मनमोहन सिंह ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए आगे जाने की अनुमति नहीं दी। मान ने मीडिया से कहा कि कश्मीर घाटी में हालात बिगड़ चुके हैं।
वे अमन का संदेश लेकर जा रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय जांच कमेटी द्वारा कश्मीर हिंसा की जांच की मांग की। यह भी कहा कि राजनाथ सिंह कश्मीर जा सकते हैं तो फिर उनके जाने से कानून व्यवस्था को क्या खतरा है।
मान ने केंद्र सरकार और आरएसएस पर वार करते हुए कहा कि यह लोग कश्मीर से प्यार करते हैं कश्मीरियों से नहीं। भाजपा नई नीति के तहत पाकिस्तान और चीन की सीमा से लगने वाले राज्यों में हिंसा फैलाने की कोशिश कर रही है।