{"_id":"5f4cd1f96995c1126e26d745","slug":"security-agencies-engaged-in-investigation-after-getting-tunnel-on-ib-10-bsf-jawans-and-one-spo-rewarded-for-finding-tunnel","type":"story","status":"publish","title_hn":"सुरंग मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं, इन जवानों को मिला पुरस्कार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सुरंग मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं, इन जवानों को मिला पुरस्कार
Mon, 31 Aug 2020 04:03 PM IST
प्रशांत कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
Published by: प्रशांत कुमार
Updated Mon, 31 Aug 2020 04:03 PM IST
विज्ञापन
भारत-पाकिस्तान सीमा पर बैनगलाड गांव में मिली सुरंग
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत-पाकिस्तान सीमा पर सांबा सेक्टर के बैनगलाड गांव में सुरंग मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अपने-अपने स्तर पर जांच में जुट गई हैं। रविवार को इंटेलिजेंस ब्यूरो के आईजी एसके बंसल और बीएसएफ के आईजी एनएस जमवाल ने सुरंग स्थल का जायजा लेने के बाद मैराथन मंथन किया। जीरो लाइन पर सुरंग से जुड़ी तमाम आशंकाओं पर चर्चा की गई। सूत्रों ने बताया कि पूरे सुरक्षा नेटवर्क को और अलर्ट पर रहने को कहा गया है।
विज्ञापन
वहीं, भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सांबा सेक्टर में आतंकियों की घुसपैठ के लिए खोदी गई सुरंग खोज निकालने वाले बीएसएफ के दस जवानों और एक पुलिस एसपीओ को सम्मानित किया गया है। आईजी बीएसएफ एनएस जमवाल की ओर से इन सभी जवानों को पांच-पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। एंटी टनल अभियान के लिए गठित विशेष दस्ते ने शुक्रवार को टनल खोज निकाली थी।
विज्ञापन
सूत्रों के अनुसार बन टोल प्लाजा आतंकी मुठभेड़ मामले में पकड़े गए ट्रक चालक ने जिस इलाके से आतंकियों की घुसपैठ की सूचना दी थी, यह टनल उसी रूट से मिली है। जांच एजेंसियां ट्रक चालक को जितनी बार भी साथ लेकर आईं, उसने हर बार इसी रूट की जानकारी दी। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे के उत्तर और दक्षिण में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाए गए।
विज्ञापन
सीमावर्ती इलाका भी खंगाला गया लेकिन घुसपैठ के रूट का पता नहीं चल पाया। बीएसएफ की छानबीन में तारबंदी सुरक्षित पाई गई थी। कहीं से भी तार नहीं कटे होने पर जांच सिरे नहीं चढ़ पाई। इसके बाद बीएसएफ को सुरंग से घुसपैठ का इनपुट मिला, जिसके बाद विशेष दस्ते को एंटी टनल अभियान में लगाया गया। शुक्रवार दोपहर बाद बीएसएफ की 48वीं वाहिनी के दस जवानों की एक टुकड़ी पंगदौर पुलिस चौकी के एक एसपीओ के साथ व्हेलबैक बॉर्डर आउट पोस्ट के पास खेत में पहुंची तो सुरंग को खोज निकाला गया। उल्लेखनीय है कि हीरानगर में पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराने पर भी बीएसएफ ने अपने जवानाें को सम्मानित किया था।