Amarnath Yatra: अमरनाथ यात्रा से पहले बालटाल और पहलगाम मार्गों की मरम्मत अंतिम चरण में, 90 फीसदी कार्य पूरा
अमरनाथ यात्रा से पहले बालटाल और पहलगाम मार्गों की मरम्मत का कार्य अंतिम चरण में है। बीआरओ ने शाल्टेंग से बालटाल आधार शिविर तक 90% सड़क मरम्मत पूरी कर ली है और जल्द ही ब्लैक टॉपिंग भी पूरी होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कश्मीर घाटी में आगामी 3 जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ जी यात्रा 2025 को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दोनों प्रमुख मार्गों बालटाल और पहलगाम पर सड़कों की मरम्मत और ब्लैक टॉपिंग का कार्य अंतिम चरण में है।बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर के शाल्टेंग से बालटाल आधार शिविर तक लगभग 90 फीसदी सड़क मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। सप्ताह के अंत तक पूरे मार्ग पर ब्लैक टॉपिंग का काम भी संपन्न कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बर्फबारी और मौसम की मार से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की जा रही है।
अधिकारी ने यह भी बताया कि बालटाल से पवित्र गुफा तक जाने वाले मार्ग पर भी आवश्यक सुधार कार्य जारी है। कई स्थानों पर पहले ही चौड़ीकरण किया जा चुका है और शेष जगहों पर मरम्मत का काम चल रहा है। बीआरओ की पूरी कोशिश है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
सुरक्षा को लेकर कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी कड़ाई के मद्देनजर एसएसपी उधमपुर आमोद नागपुरे ने जिला पुलिस लाइन में यात्रा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों की कमर कसी। एक गहन ब्रीफिंग सत्र में एसएसपी ने संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा चाक-चौबंद करने, यातायात प्रबंधन पुख्ता करने और आपात स्थितियों के लिए फौरी कार्रवाई योजनाएं तैयार रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में एसएसपी नागपुरे ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन टीमों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने सुरक्षित यात्रा के लिए तीन मुख्य स्तंभों - सामुदायिक सहयोग, रियल-टाइम निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल रिपोर्टिंग पर जोर दिया।
इसी क्रम में एसएसपी ने हाल में शामिल हुए प्रोबेशनरी डीएसपी और सब-इंस्पेक्टरों से सीधा संवाद किया। नए अधिकारियों का जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें जिम्मेदारियों से अवगत कराया और कर्तव्यपालन में ईमानदारी व पेशेवर मानकों का कड़ाई से पालन करने का आदेश दिया।