जम्मू। जम्मू संभाग में सभी विभागों के अस्थायी कर्मचारी 28वें दिन भी हड़ताल पर अड़े रहे। आरोप है कि अभी तक अधिकारियों ने न कोई बात की और न बैठक के लिए बुलाया है। इससे कर्मियों में रोष बढ़ता जा रहा है। वीरवार को लोक निर्माण विभाग, बिजली कारपोरेशन, जलशक्ति, बागवानी, कृषि विभाग, आरएंडबी, एस्टेट, पीएमएसजीवाई के अस्थायी कर्मचारियों ने कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ऑल डिपार्टमेंट कैजुअल लेवर फ्रंट के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि मांगों पर अधिकारियों की ओर से कोई फैसला नहीं लिया गया है। अधिकारी बात सुनने को तैयार नहीं। ऐसे में समस्याओं का निदान कैसे होगा। हड़ताल के कारण पानी के संकट से भी लोग परेशान हैं। शहर के गंग्याल, नरवाल, सुजवां, सिद्दड़ा, बटिंडी, सैनिक कॉलोनी, तालाब तिल्लो, जानीपुर, रूपनगर, तोप शेरखानियां, मुट्ठी, भवानी नगर, श्याम नगर, विहार नगर में पानी की समस्या बरकरार रही।