जम्मू-कश्मीरः जल्द शुरू होगी पहली बीज प्रसंस्करण इकाई, किसानों को मिलेगा सस्ता और गुणवत्ता वाला बीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर की पहली बीज प्रसंस्करण इकाई को 15 जुलाई से शुरू करने की तैयारी है। 2.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस इकाई की क्षमता 30 हजार क्विंटल बीज रखने की होगी। इसका काम अंतिम चरण में है। यहां लगाई गई मशीनें प्रति घंटे दो टन बीज का प्रसंस्करण कर सकती हैं। किसानों को अगले रबी सीजन के साथ इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
इस इकाई को मार्च के अंत तक पूरा किया जाना था लेकिन लॉकडाउन के कारण काम लटक गया। अब इसे अगले 20 दिन में पूरा किया जाना है। शहर के भरमौरा वार्ड नंबर 14 में बनाई जा रही इस इकाई के लिए पीएमओ में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विशेष दिलचस्पी के चलते अगस्त, 2018 में नेशनल सीड कॉरपोरेशन और जम्मू-कश्मीर कृषि विभाग के बीच 40 साल का एमओयू किया गया था।
गुणवत्ता की गारंटी के साथ सस्ता मिलेगा बीज
अभी तक प्रदेश के किसानों और कृषि विभाग को दूसरे राज्यों से बीज लाना पड़ता है। कठुआ जिले में ही बीज तैयार होने से किसानों का ढुलाई का खर्च बचेगा। यही नहीं, दूसरे राज्यों से मंगवाया गया बीज कई बार खराब निकलता था, जबकि इस केंद्र में गुणवत्ता की गारंटी के साथ बीज दिया जाएगा। कठुआ जिले में ही 15 हजार क्विंटल बीज की जरूरत रहती है, जबकि यह इकाई इससे दोगुनी क्षमता की है।
लॉकडाउन के चलते प्रदेश का पहली बीज प्रसंस्करण इकाई को शुरू नहीं किया जा सका। किसानों की सुविधा के लिए यह इकाई जल्दी ही काम करने लगेगी।- डॉ. जितेंद्र सिंह, पीएमओ में राज्यमंत्री
जुलाई के मध्य तक परियोजना पूरी हो जाएगी। सितंबर-अक्तूबर में अगली फसल की बुआई के समय किसानों को इसका लाभ मिलने लगेगा।- आरके कासवां, मुख्य अभियंता, राष्ट्रीय बीज निगम