तीरंदाजी, फुटबाल और वालीबॉल के रिजल्ट यहां देखें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्वविद्यालय में हुई अंतर कालेज आर्चरी (तीरंदाजी) प्रतियोगिता में मेजबान पीजी विभाग की छात्राओं ने सर्वाधिक अंक बटोरकर ओवरआल चैंपियनशिप अपने नाम की। विजेताओं ने सामने वालों को आगे आने का कोई मौका नहीं दिया और आखिर तक बढ़त कायम रखी।
जीजीएम साइंस कालेज की नर्गिस खातून और महिला कालेज गांधीनगर की मंजू मंडेला को पहला और दूसरा सर्वश्रेष्ठ आर्चर के पुरस्कार से नवाजा गया। अंतर कालेज में पहली बार शामिल की गई इस प्रतियोगिता में विभिन्न कालेजों से सात टीमों के प्रतिभागियों ने शिरकत कर तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान शारीरिक शिक्षा विभाग विवि के निदेशक प्रो. ध्यान सिंह भाऊ ने विजेताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि आर्चरी खेल लेह, लद्दाख और कारगिल में ज्यादा लोकप्रिय है लेकिन अब इसे शहरों तक भी लाया जा रहा है।
कुलपति प्रो. मोहन पाल सिंह ईशर के खुद रुचि लेने के बाद आर्चरी खेल को बढ़ावा देने के लिए दो लाख रुपये के उपकरण खरीदे गए। अंतर कालेज में नए खेलों को शामिल करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों में अधिक प्लेटफार्म और मौके देना है।
इसके अलावा पहली बार अंतर कालेज में फेंसिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। आर्चरी में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बड़ी प्रतियोगिताओं में मौका दिया जाएगा। प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने सुनील शर्मा, डा. विनोद बख्शी, सुमनेश शर्मा, नारायणी जंबाल आदि पहुंचे।
पीजी-गांधीनगर में होगी वालीबाल की खिताबी भिड़ंत
विश्वविद्यालय के मैदान पर चल रही अंतर कालेज वालीबाल (महिला) चैंपियनशिप में महिला कालेज गांधीनगर और मेजबान पीजी विभाग ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर फाइनल में प्रवेश किया।
विजेता टीमों के खिलाड़ियों ने सामने वालों को आगे आने का कोई मौका नहीं दिया और एकतरफा मुकाबलों में जीत दर्ज की। शारीरिक शिक्षा विभाग विवि जम्मू की ओर से बुधवार को करवाए गए सेमीफाइनल मुकाबलों में महिला कालेज गांधीनगर ने गवर्नमेंट डिग्री कालेज कठुआ को सीधे सेटों में 25-7, 25-13 और 25-19 से पराजित कर जीत दर्ज की।
विजेता टीम के खिलाड़ियों ने शुरू से ही प्रतिद्वंद्वियों पर दबाव बनाकर खेला और उन्हें सफलता भी मिली। दूसरा सेमीफाइनल भी एकतरफा रहा और इसमें पीजी विभाग ने एसपीएमआर कालेज आफ कामर्स को 25-11, 25-15 और 25-19 से शिकस्त देकर जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में अमित शर्मा, नसीब सिंह, प्रबलीन कौर और चरणजीत सिंह ने तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाई। इस दौरान कोच विकेश करलोपिया पहुंचे।
वहीं अंतर कालेज फुटबाल (पुरुष) प्रतियोगिता में मेजबान पीजी आर्ट्स ने गवर्नमेंट डिग्री कालेज कठुआ को कांटे की टक्कर में 1-0 से शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया।
पहले हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया लेकिन दोनों ही ओर से रक्षापंक्ति मजबूत होने से किसी को पहले हाफ में कोई सफलता नहीं मिल सकी, लेकिन दूसरे हाफ के 50वें मिनट में पीजी की ओर से अनुराग सिंह ने शानदार मूव बनाते हुए बाल को गोल पोस्ट में डालकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इस मुकाबले में डा. ब्रिज बलोरिया, रिकी, गगन कुमार, तरणपाल सिंह तकनीकी अधिकारी रहे।
फुटबालः जम्मू, बारामुला, गांदरबल, सांबा अगले दौर में
युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से बुधवार को जीजीएम साइंस कालेज में राज्य स्तरीय अंडर 19 (पुरुष) अंतर जिला फुटबाल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पहले दिन मेजबान जम्मू जिला के अलावा बारामुला, गांदरबल और सांबा के खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वियों को एकतरफा मुकाबलों में पछाड़कर अगले दौर में प्रवेश किया।
विजेता टीमों ने सामने वालों को आगे आने का कोई मौका नहीं दिया और जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में राज्य के नौ जिलों से 135 प्रतिभागी शिरकत कर रहे हैं। विभाग के डीजी नवीन अग्रवाल और जिला खेल अधिकारी सुखदेव राज की देखरेख में करवाई जा रही प्रतियोगिता का उपनिदेशक निदेशालय कंचन बाला ने फुटबाल मीट को शुरू कराया।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक तौर पर मजबूत बनने का मौका मिलता है। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्कूल नेशनल गेम्स में मौका दिया जाएगा। पहले दिन के मुकाबलों में जम्मू ने कठुआ को सीधे मुकाबले में 4-0 से शिकस्त दी।
विजेता टीम की ओर से अंकित मेहता, विवासभान, अमन और मानव ने शानदार गोल कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसी तरह बारामुला के खिलाड़ियों ने एकतरफा मुकाबले में उधमपुर को 6-0 से पछाड़कर अगले दौर में प्रवेश किया।
बारामुला की ओर से फुरकान, आसिफ और जुबेर अहमद ने दो-दो गोल ठोककर टीम को जीत दिलाई। तीसरा मुकाबला भी एकतरफा रहा। इसमें गांदरबल ने कुपवाड़ा को 3-0 से शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई। विजेता टीम की ओर से शफकत, सईद कोमर, आदिल अहमद ने एक-एक गोल ठोके।
सांबा ने भी सीधे मुकाबले में पुलवामा को 3-0 से शिकस्त दी। टीम की ओर से जयश्री, देवेंद्र और हमेश संबयाल ने टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। मुकाबलों में भारत भूषण, अजय, राजेंद्र, रोहित, नवीन, शौकत, मोहम्मद शफी ने तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाई।