लद्दाख में हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगी नई उड़ान: थॉइस-कारगिल से जल्द उड़ेंगे यात्री विमान, एलजी ने की समीक्षा
लद्दाख के थॉइस और कारगिल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें शुरू करने की तैयारियों की उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने समीक्षा की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय, भारतीय वायुसेना, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर नुब्रा घाटी स्थित थॉइस हवाई अड्डे और कारगिल हवाई अड्डे से वाणिज्यिक नागरिक उड़ान सेवाएं शुरू करने की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में दोनों हवाई अड्डों पर जरूरी बुनियादी ढांचे, नियामकीय मंजूरियों और संचालन से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों का कहना है कि इन उड़ानों के शुरू होने से सीमावर्ती इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और पर्यटन के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
थॉइस एयरपोर्ट पर तेजी से चल रहा काम
नुब्रा घाटी स्थित थॉइस हवाई अड्डे पर भारतीय वायुसेना ने नए सिविल टर्मिनल के निर्माण के लिए पांच एकड़ जमीन मंजूर की है। रनवे की री-कारपेटिंग का काम भी चल रहा है, जिसे नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मौजूदा चार्टर्ड फ्लाइट टर्मिनल के नवीनीकरण के बाद दिसंबर 2026 से थॉइस एयरपोर्ट से नागरिक उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है।
कारगिल एयरपोर्ट का 1 सितंबर को निरीक्षण
कारगिल हवाई अड्डे पर भी वाणिज्यिक उड़ान संचालन शुरू करने की तैयारियों का आकलन किया जा रहा है। इसके लिए भारतीय वायुसेना, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की संयुक्त टीम 1 सितंबर को कारगिल एयरपोर्ट का निरीक्षण करेगी।
उपराज्यपाल ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि जरूरी बुनियादी ढांचे और औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि नागरिक उड़ान सेवाएं जल्द शुरू की जा सकें।