जम्मू-कश्मीरः जेल में बंद कैदी अब परिजनों से कर सकेंगे मोबाइल पर बात, शुरू होने जा रही यह सुविधा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जेलों में बंद कैदी अब अपने रिश्तेदारों, परिवार और वकीलों से मोबाइल फोन पर बात करेंगे। इसके लिए जेलों में कॉलिंग सुविधा शुरू होगी। जरूरी ढांचे को विकसित करने पर काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही जेलों में यह सुविधा दी जाएगी। जेल अधीक्षकों के लिए आयोजित एक दिवसीय कांफ्रेंस में विभाग के डीजीपी वीके सिंह ने यह जानकारी दी।
इस दौरान जेलों के ढांचे को विकसित करने, आवश्यक वित्तीय मदद और अन्य मुद्दों को लेकर भी चर्चा की गई। जेल विभाग इंटरव्यू रूम में भी केबिन और चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर में सुधार किया जाएगा। इसके अलावा कैदियों के लिए कॉलिंग सिस्टम शुरू होगा।
फिलहाल यह सुविधा श्रीनगर व कोट भलवाल जम्मू की सेंट्रल जेल और जम्मू के अंबफला स्थित जिला जेल में शुरू होगी। इस सुविधा के माध्यम से कैदी पांच मिनट के भीतर अपने दो नजदीकी रिश्तेदारों से बात कर सकेंगे। बड़े अपराधों में शामिल और जेल में अच्छा बर्ताव न करने वाले कैदियों को यह सुविधा नहीं मिलेगी।
कैदियों में वोकेशनल और एजुकेशनल स्किल विकसित करने पर जोर
जेलों में अनुशासन और सुरक्षा बंदोबस्त बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। कैदियों में वोकेशनल और एजुकेशनल स्किल विकसित करने पर जोर दिया गया। जेल स्टाफ के उत्थान, ट्रेनिंग और विकास पर भी जेल विभाग का पूरा ध्यान दिया जा रहा है। कैदियों को सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में भी हिस्सा लेने के लिए कहा गया।
सिंह ने कहा कि कैदियों के इसमें हिस्सा लेने से उनकी प्रतिभा बाहर निकलेगी। दो अक्टूबर को जिला जेल जम्मू में महात्मा गांधी के 150वीं जन्म दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कांफ्रेंस में आईजी जेल विभाग सतीश खंडारे सहित जम्मू संभाग की जेलों के अधीक्षक शामिल रहे।