जम्मू: नर्सिंग कॉलेज की छात्रा से ड्रग्स मिलने के मामले में जांच जारी, तस्करी की कड़ियों को खंगाल रही पुलिस
युवती से 230 ग्राम हेरोइन मिली थी। युवती अभी तक पुलिस की हिरासत में है। गांधीनगर पुलिस थाने के एसएचओ सुधीर सढोत्रा ने कहा कि इस मामले में पूछताछ चल रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू से चंडीगढ़ जा रही बस में हेरोइन(231 ग्राम) के साथ पकड़ी गई नर्सिंग कॉलेज की छात्रा कौसर सोत्रा से की गई पूछताछ में यह सामने आया है कि वह नशा तस्करी का काम करती थी और अभी शुरूआती दौर में वह इससे जुड़ी है। हालांकि किसके लिए नशा तस्करी करती थी और कहां से नशीला पदार्थ हासिल करती थी, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।
सोमवार को जम्मू से चंडीगढ़ बस से जा रही नर्सिंग कॉलेज की छात्रा कौसर से 231 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इस पर गांधीनगर पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया था। मंगलवार को गांधीनगर पुलिस को उसकी रिमांड भी मिली। पुलिस उससे सभी जरूरी जानकारी जुटाएगी, ताकि इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों को पकड़ा जाए।
बता दें कि छात्रा चंडीगढ़ में नर्सिंग कॉलेज में पढ़ती है और सोमवार को वह जम्मू से चंडीगढ़ जा रही थी। इस बीच गांधीनगर पेट्रोल पंप के पास बस को रोका तो युवती की सामान की जांच के दौरान उससे हेरोइन बरामद हुई। सूत्रों के अनुसार छात्रा जिस नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही है वहां के प्रबंधन से उसकी गतिविधियों की जानकारी ली गई। इस पूरे प्रकरण में कॉलेज के अन्य विद्यार्थी भी शामिल हो सकते है। पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।
चोरी हुए दो मवेशी बरामद, आरोपी गिरफ्तार
दोमाना क्षेत्र में पुलिस ने पशुओं की चोरी के एक मामले को सुलझाने का दावा किया है। मामले में एक आरोपी तेग अली निवासी रठुआ, घो मनहासा को गिरफ्तार भी किया है, करीब 1.5 लाख के जानवरों की चोरी के अपराध में शामिल था।
पुलिस के अनुसार 16 मार्च को चमेल सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी चैहाना चक ने शिकायत दर्ज कराई कि किसी ने उसके घर से एक बैल और एक गाय चोरी कर ली है। इसके बाद एसएचओ इंस्पेक्टर अरुण शर्मा की देखरेख में एएसआई मोहम्मद लतीफ द्वारा जांच की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने सुराग जुटाते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसने अपराध में संलिप्तता कबूल कर ली। उसके खुलासे पर 2 दिनों के भीतर 1.5 लाख से अधिक मूल्य के मवेशी (एक बैल और एक गाय) बरामद किए गए। मामले में जांच जारी है।
15 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बाहु फोर्ट पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास 15 ग्राम हेरोइन मिली है। इनकी पहचान बलराज सिंह निवासी सियोडा अमृतसर और पवन कुमार निवासी गढ़ समानो उधमपुर के रूप में हुई है। बलराज से नौ ग्राम तो पवन से छह ग्राम हेरोइन मिली है। दोनों जेके02बीएस 7038 नंबर की कार में सवार थे। इनके खिलाफ बागे बाहु थाने में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
होटल संचालक पर जानलेवा हमला
ज्यूल चौक के संत मार्केट में किराए पर होटल चला रहे जिंद्राह निवासी संजय उर्फ कालू (38) पर जानलेवा हमला किया गया है। हमला सोमवार की देर रात दो से तीन युवकों ने किया, जब दो बजे संजय होटल में ही एक कमरे में सो रहा था। नवाबाद थाने की पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार युवकों ने होटल घुसने के बाद संजय के साथ मारपीट की फिर फरार हो गए। इस हमले में संजय के सिर, पैर और बाजू में गंभीर चोटें आई हैं। वह जीएमसी में उपचाराधीन है। नवाबाद पुलिस थाने में इसको लेकर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान व धरपकड़ करने में जुड़ी है। मामला आपसी रंजिश या संपत्ति विवाद का हो सकता है।
पीड़ित की पत्नी अंजू ने बताया कि संजय ने संत मार्केट में होटल किराए पर लिया है। काम के कारण कई-कई दिन तक घर भी नहीं आते हैं। सोमवार की रात डेढ़ से दो बजे के करीब कुछ अज्ञात युवक होटल में घुसे। इस दौरान काउंटर पर मौजूद कर्मचारी से संजय के कमरे की जानकारी ली और फिर उसके कमरे में घुस गए। इस दौरान बेसबॉल से साथ मारपीट की। इस हमले में उसके हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। परिवार के सदस्यों ने कहा कि घटना जानकारी होते ही हम जीएमसी पहुंचे। पीड़ित के भाई ने भी ज्यूल में किराए पर होटल लिया है। पुलिस ने आरोपियों की जल्द पहचान करने की बात कही। वहीं नवाबाद पुलिस थाने के एसएचओ दीपक पठानिया ने कहा कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों की पहचान की जा रही है।