कश्मीर घाटी में लहराए गए पाकिस्तान के झंडे
फोटो- सोशल मीडिया
सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बावजूद श्रीनगर समेत घाटी के कई इलाकों में पाकिस्तान के झंडे लहराए गए। वहीं, पुलिस ने इन शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पाकिस्तान के यौमे आजादी के अवसर पर श्रीनगर में हालातों को नियंत्रण में रखने के लिए जहां एक ओर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे वहीं, हमेशा की तरह इस बार भी अलगाववादी संगठनों और उनके समर्थकों ने पाकिस्तानी झंडे लहराए।
महिला अलगाववादी संगठन दुखत्रान-ए-मिल्लत द्वारा श्रीनगर शहर के बाहरी किसी क्षेत्र में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें कई महिला समर्थकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अगुवाई संगठन की अध्यक्ष आसिया अंद्राबी ने की। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी झंडा लहराया और पाकिस्तान का राष्ट्रीय गान भी गाया। इस कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तानी तराने भी गाए गए।
कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं
आसिया अंद्राबी ने बताया कि उनके समर्थकों द्वारा पाकिस्तान के यौमे आजादी के अवसर पर कई जगहों पर पाकिस्तानी झंडे लहराए गए। उन्होंने बताया कि आजादी की उनकी लड़ाई में उन्हें पाकिस्तान का समर्थन प्राप्त है।
इसलिए वह दिल से उसे चाहते हैं। इस कार्यक्रम के दौरान अपने भाषण में आसिया ने कहा कि उन्होंने कश्मीर को कभी भी भारत का हिस्सा नहीं माना है। बल्कि भारत जबरन कश्मीर पर फौजी ताकत के सहारे कब्जा किए बैठा है।
इसके अलावा श्रीनगर के अन्य इलाकों में भी पाकिस्तानी झंडे देखने को मिले जिनमें सोवरा, इल्लाही बाग, बचपुरा आदि इलाके शामिल हैं। वहीं श्रीनगर के नौशेरा इलाके में एक मोबाइल टॉवर के ऊपर पाकिस्तानी झंडा लहराता देखा गया।