Jammu Kashmir Coronavirus: कोरोना के बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग चिंतित, 24 घंटे में 151 संक्रमित, अधिकांश ने लगवाए हैं दोनों टीके
प्रदेश में त्योहारी सीजन के दौरान कोरोना एसओपी की अनदेखी सामने आने लगी है। प्रदेश के विभिन्न इलाकों में कोरोना केस लगातार बढ़ने लगे हैं इससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सामाजिक दूरी का नहीं रखा ख्याल
चिंता यह है कि नए मिल रहे संक्रमित मामलों में अधिकांश पीड़ितों ने दोनों कोविड टीकाकरण की खुराक ली हैं। कोविड विशेषज्ञों के अनुसार सामाजिक दूरी का ध्यान न रखने के कारण संक्रमण के प्रसार को बढ़ने में मदद मिली है। त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद अगले एक दो हफ्तों में कोविड का प्रसार बढ़ सकता है। बताया जाता है सरवाल में संक्रमित हुए परिवार का एक सदस्य हाईकोर्ट में एसओ के पद पर कार्यरत है। आशंका है कि बाहर से संक्रमण लाने के कारण परिवार के अन्य सदस्य पीड़ित हुए हैं। इसी तरह संजय नगर में संक्रमित हुए परिवार के यहां कुछ दिन पहले शादी समारोह था, जिससे आशंका है कि वहां से ही उन्हें संक्रमण मिला।
शनिवार को श्रीनगर में 79 मामले मिले
प्रदेश में शनिवार को मिले संक्रमित मामलों में राजधानी श्रीनगर से सर्वाधिक 79 मामले मिले हैं। चिंता यह है कि ये सभी मामले स्थानीय स्तर के हैं, यानी श्रीनगर में सामुदायिक स्तर पर संक्रमण का प्रसार हो रहा है। इसी तरह बारामुला में स्थानीय स्तर के 14, बडगाम में 12 और गांदरबल में 10 संक्रमित मामले मिले हैं। प्रदेश में एकमात्र जिला सांबा कोविड मुक्त चल रहा है। जिला रामबन, किश्तवाड़, सांबा, कठुआ, उधमपुर, शोपियां, कुलगाम में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला है।
जम्मू-कश्मीर में पिछले दस दिन में 1100 से अधिक लोग कोविड संक्रमित हो चुके हैं। यानी प्रतिदिन सौ मामले मिल रहे हैं, लेकिन शनिवार को यह आंकड़ा अचानक बढ़ गया। इन दस दिनों में दस लोगों की कोविड से मौत हुई है, जिसमें कश्मीर संभाग से सात मौतें हुई हैं। राहत यह है कि प्रदेश में रिकवरी दर कुल संक्रमित मामलों पर अभी 98 फीसदी से ऊपर बनी हुई है, लेकिन संक्रमित मामलों में बढ़ोतरी होने पर यह ग्राफ गिर सकता है। प्रदेश में जिला श्रीनगर सबसे अधिक प्रभावित है। इसी जिले में सर्वाधिक 554 सक्रिय मामले हैं और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। बारामुला में 160, बडगाम में 85, गांदरबल में 74 और जम्मू में 54 सक्रिय मामले हैं।
60 फीसदी को कोविड टीकाकरण की दूसरी खुराक मिल चुकी
जम्मू-कश्मीर में 18 से अधिक आयु वर्ग में अनुमानित आबादी पर अब तक 60 फीसदी लोगों को कोविड टीकाकरण की दूसरी खुराक देने का दावा किया गया है। इस आयु वर्ग में अनुमानित आबादी 93 लाख हैं, जिसमें करीब 51 लाख लोगों को कवर कर लिया गया है। व्यापक पैमाने पर अधिकांश लोगों को कोविशिल्ड की खुराक दी गई है, जिसमें दूसरी खुराक 84 दिन की अवधि के बाद दी जाती है। परिवार कल्याण विभाग जम्मू कश्मीर के निदेशक डा. सलीम उर रहमान का कहना है कि निर्धारित अवधि के मुताबिक जनवरी, 2022 तक दूसरी खुराक में सौ फीसदी टीकाकरण पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी स्तर पर टीकाकरण अभियान को गति दी जा रही है।
त्योहारी सीजन के बाद आगामी हफ्तों में कोविड संक्रमित मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। जिससे बचने के लिए लोगों को सामाजिक दूरी का ध्यान, मास्क पहनने के साथ सार्वजनिक स्थलों पर बिना वजह जाने से परहेज करना होगा। संक्रमण के लक्षण मिलने पर पीड़ित को तुरंत डॉक्टर की सलाह या निकटतम चिकित्सा केंद्र में संपर्क करना चाहिए।
- डॉ. जेपी सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जम्मू