वीडियो : ट्रक में बंकर बना छिपे थे आतंकी, एक हरकत और सेना ने नहीं दिया दूसरा मौका
जम्मू में सुरक्षाबलों ने गुरुवार को आतंकियों के बड़े मंसूबे को धराशायी कर दिया है। ट्रक में छिपकर घाटी में आतंक फैलाने के इरादे से जा रहे आतंकियों को मार गिराया गया है। सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ का वीडियो भी अब सामने आ चुका है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए चार आतंकवादी इस महीने के अंत में होने वाले जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चुनावों को प्रभावित करने के लिए कश्मीर घाटी की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान हमारे राजनीतिक कामों में परेशानी पैदा करने की कोशिश कर रहा है।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगरोटा के बान इलाके में टोल प्लाजा के पास आज सुबह हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के चारों संदिग्ध आतंकी मारे गए। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान ने इस तरफ आतंकियों की घुसपैठ कराने और आगामी चुनावों को बाधित करने की कोशिशें बढ़ा दी हैं। इसके लिए जम्मू पुलिस और सुरक्षाबलों ने चार पाकिस्तानियों (आतंकियों) को मार कर अच्छा काम किया है। उनका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए कश्मीर आना था। आईजीपी ने कहा कि हमें आशंका थी कि आतंकी चुनावों को प्रभावित करने के प्रयास में लगे हुए हैं, लेकिन सुरक्षाबल हालात से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार थे।
उन्होंने कहा कि चाहे कोई चुनाव हो, 15 अगस्त या 26 जनवरी या यहां तक कि कोई महत्वपूर्ण व्यक्ति आ रहा हो, आतंकियों के हमले की आशंकाएं हमेशा बनी रहती हैं, लेकिन हम पूरी तरह से तैयार हैं। हम उम्मीदवारों को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं उन्होंने कल से चुनाव प्रचार के लिए मैदान में जाना शुरू कर दिया है। डरने की कोई बात नहीं है।
#WATCH J&K: Explosion in the truck, intercepted by security forces near Ban Toll Plaza in Nagrota, Jammu earlier this morning. Driver of the truck managed to escape.
In the encounter that ensued, four terrorists were neutralised & one Police Constable injured.
(Source: CCTV) pic.twitter.com/HUncIEQHdk
— ANI (@ANI) November 19, 2020
नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से घुसपैठ करने की ताक में बैठे आतंकियों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर आईजीपी ने कहा कि इस बात की जानकारी मिली थी कि करीब 250 आतंकवादी वहां मौजूद हैं, लेकिन पाकिस्तान के मंसूबों को नाकाम करने के लिए सुरक्षाबल चौकन्ने हैं। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के काकापोरा इलाके में बुधवार को हुए ग्रेनेड हमले के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा कि पुलिस ने इस घटना के जिम्मेदार आतंकी की पहचान कर ली है।