Doda Accident: हर ओर से सुनाई दे रही थी चीख-पुकार... बिखरे पड़े थे कई शव; डोडा में खाई में गिरी बस, 36 की मौत
Doda Accident Today : शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसा ओवरटेक करने के चलते हुआ है। किश्तवाड़-जम्मू मार्ग पर तीन बसें एक साथ चल रही थीं। तीनों बसों के चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थे।
विस्तार
किश्तवाड़ जिले से जम्मू को जा रही बस जिला डोडा में हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में मरने वालों का आंकड़ा 36 पहुंच गया है। 19 के करीब लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसा डोडा के बग्गर इलाके के त्रांगल में बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब हुआ है। घायलों को इलाज के लिए जीएमसी डोडा ले जाया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर हैं।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती में पता चला है कि हादसा ओवरटेक करने के चलते हुआ है। किश्तवाड़-जम्मू मार्ग पर तीन बसें एक साथ चल रही थीं। तीनों बसों के चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थे। इसी बीच एक बस खाई में जा गिरी। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ कानूनr कार्रवाई की जाएगी।
VIDEO : डोडा में 300 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 36 की मौत, 19 लोग घायल
वहीं, एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि जब उन्हें हादसे की जानकारी मिली तो वो तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। वहां, हर ओर से चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। शव बिखरे पड़े थे, जिसे देख उनका कलेजा कांप उठा। तुरंत उन्होंने अन्य लोगों के साथ मिलकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। पुलिस को भी सूचित किया गया। लेकिन मौके पर कई जान गंवा चुके थे।
पीएम मोदी ने एक्स पर कहा, "जम्मू-कश्मीर के डोडा में बस दुर्घटना दुखद है। उन परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।"
उन्होंने घोषणा करते हुए कि प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और प्रत्येक घायल को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा,"डोडा में एक दुखद बस दुर्घटना में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं और दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावितों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए डिव कॉम और जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है।"
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.