Coronavirus in Jammu Kashmir: संक्रमितों का आंकड़ा 25 हजार के पार, अब तक 478 की हो चुकी मौत
जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को 470 नए कोरोना संक्रमित मामले आने के साथ यह आंकड़ा 25 हजार के पार चला गया है। नए मामलों में जम्मू संभाग से 102 और कश्मीर से 368 मामले हैं। प्रदेश में कुल 25367 संक्रमित मामलों में मौजूदा 7514 सक्रिय हैं। जम्मू संभाग से 1822 और कश्मीर संभाग से 5692 मामले हैं। इस बीच कश्मीर में छह और लोगों ने दम तोड़ दिया। जम्मू-कश्मीर में अब तक 478 लोग कोरोना का ग्रास बन चुके हैं, जिसमें कश्मीर से ही 442 लोगों की मौत हुई है।
यह भी पढ़ेंः जन्नत को जहन्नुम बनाने की साजिश रच रहे आतंकी, नेताओं पर हमलों के बीच भाजपा को आठ झटके
जिला जम्मू में 58 संक्रमित मामले सामने आए हैं, इसमें 38 ट्रैवलर और 20 अन्य वर्ग के मामले हैं। संक्रमित मामलों में जीएमसी से एक पीजी डॉक्टर और एक चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी है। जीएमसी के विभिन्न यूनिटों से अब तक कई डॉक्टरों समेत अन्य पैरा मेडिकल स्टाफ के सदस्य संक्रमित हो चुके हैं।
इसके अलावा श्रीनगर से 115, बारामुला से 41, पुलवामा से 30, कुलगाम से 10, शोपियां से 14, अनंतनाग से 16, बडगाम से 31, कुपवाड़ा से 17, बांदीपोरा से 79, गांदरबल से 15, राजोरी से 5, रामबन से 16, कठुआ से 8, उधमपुर से 2, सांबा से 5, डोडा से 4, रियासी से 2 और किश्तवाड़ से 2 मामले आए हैं। नए 470 संक्रमित मामलों में से 107 ट्रैवलर और 363 अन्य वर्ग के मामले शामिल हैं।
यह भी पढ़ेंः जम्मू-कश्मीर की वो जगह जहां दफन हैं जहांगीर की आंतें, जबकि बाकी शरीर लाहौर में दफनाया गया
372 संक्रमित मरीज स्वस्थ
जम्मू-कश्मीर के विभिन्न अस्पतालों में सोमवार को 372 संक्रमित मरीज ठीक होकर अस्पतालों से घरों को चले गए। इसमें जम्मू संभाग से 90 और कश्मीर से 282 मामले शामिल हैं। अब तक प्रदेश में 17375 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिसमें जम्मू संभाग से 3856 और कश्मीर संभाग से 13519 मरीज हैं।
कोरोना के 3912 संदिग्ध लोगों को निगरानी में लिया गया
जम्मू कश्मीर में सोमवार को कोरोना के 3912 संदिग्ध लोगों को निगरानी में लिया गया। अब तक कोरोना संक्रमित, उनके संपर्क और विभिन्न यात्राओं से जुड़े मामलों में 395216 लोगों को निगरानी में लिया जा चुका है। इसमें 40932 को घर पर क्वारंटीन, 7514 को आइसोलेशन, 48716 को घर पर सर्विलांस पर लिया गया है। इसमें 297576 ने सर्विलांस अवधि को पूरा कर लिया है। अब तक 725542 सैंपलों में से 700175 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक जम्मू संभाग से 36 और कश्मीर से 443 लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है।