J&K: रिश्वत लेकर फरार SI की तलाश में जुटी CBI, थानेदार से लेकर पूरे स्टाफ से पूछताछ, मगर कोई सुराग नहीं मिला
सीबीआई ने रिश्वत मामले में फरार सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद बशीर की तलाश में आरएस पुरा थाने में दो दिन तक पूछताछ की, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी। आरोपी पर जमानत याचिका के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
विस्तार
जमानत याचिका के लिए रिश्वत मांगने के मामले में सीबीआई शनिवार को आरोपी सब-इंस्पेक्टर(एसआई) मोहम्मद बशीर मालिक की तलाश करती रही। हालांकि 24 घंटे बाद भी सीबीआई व आरएस पुरा पुलिस टीम के हाथ खाली ही रहे। कई स्थानों पर छापे के बाद भी मोहम्मद बशीर मालिक को पकड़ा नहीं जा सका। सीबीआई की टीम शनिवार दूसरे दिन भी आरएस पुरा थाने पहुंची। थानेदार से लेकर पूरे थाने के स्टाफ से पूछताछ की और जरूरी तथ्य जुटाए।
जमानत याचिका के बदले 50 हजार की रिश्वत का आरोप
सब इंस्पेक्टर मोहम्मद बशीर मालिक पर जमानत याचिका से संबंधित रिपोर्ट देने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई की टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया था, लेकिन वह चकमा देकर रिश्वत की रकम लेकर फरार हो गया।
सूत्रों की मानें ताे सीबीआई की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है। शनिवार को सीबीआई के एसएसपी चंदू वैकटेश्वर खुद आरएस पुरा पुलिस स्टेशन पहुंचे और संबंधित अफसरों से जानकारी जुटाई। सीबीआई की अलग अलग टीमों ने आरोपी के पुंछ स्थित पैतृक गांव और जम्मू के बठिंडी स्थित निवास पर भी छापे मारे।
पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे
थाने में खुलेआम रिश्वत मांगने का मामला सामने आने पर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों में यह चर्चा जोरों पर है कि क्या संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को भ्रष्टाचार की जानकारी नहीं थी या जानबूझकर अनदेखी की गई।
सीबीआई की रिपोर्ट के आधार पर होगी विभागीय कार्रवाई
एसडीपीओ आरएस पुरा गुरमीत सिंह ने कहा कि आरोपी सब इंस्पेक्टर मोहम्मद बशीर मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर विभागीय जांच भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्रवाई सीबीआई की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
सस्पेंड या नहीं, सीबीआई लिखित में देगी तो कार्रवाईबस इंस्पेक्टर बशीर मलिक अभी तक सस्पेंड हुआ या नहीं। इसके बारे में कोई जानकारी नहीं। वैसे भी जब तक सीबीआई की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिलती। इसके बाद ही कोई कार्रवाई करेंगे। जोगिंदर सिंह, एसएसपी जम्मू