जम्मू। सीमा सुरक्षा बल की पश्चिमी कमान के विशेष महानिदेशक सुरेंद्र पंवार ने कहा है कि सरहद पर पाकिस्तान कोई दुस्साहस करता है तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा। भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित मकवाल गांव में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे पंवार ने कहा कि पाकिस्तान के हर मंसूबे नाकाम किए जाएंगे। सरहद पर पाकिस्तान की हर हरकत पर बीएसएफ की पैनी नजर है। किसी भी चुनौती के लिए बीएसएफ ने पूरी तैयार की है। पंवार ने कठुआ, सांबा और जम्मू जिले के अग्रिम इलाकाें में सुरक्षा हालात का जायजा भी लिया। खासकर पाकिस्तान की ओर जाने वाले नदी-नाला क्षेत्राें में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मकवाल गांव में सिविक एक्शन कार्यक्रम के दौरान पंवार ने कहा कि सीमा प्रबंधन में स्थानीय लोगों के साथ बेहतर रिश्ते कायम करना भी बीएसएफ की प्राथमिकता है। सरहदी इलाकों में हर संभव मदद और सहयोग देकर स्थानीय आबादी में आत्मविश्वास बढ़ाना मुख्य मकसद है। इससे पूर्व आईजी बीएसएफ जम्मू फ्रंटियर एनएस जमवाल सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में जरूरतमंदों को 12 ट्राईसाइकिल और हेयरिंग एड वितरित की गईं।
पूर्व विधायक बोले - सीमा पर सुरक्षित हैं ग्रामीण
सिविक एक्शन कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने बीएसएफ की मदद और सहयोग की सराहना की। पूर्व विधायक सुखनंदन चौधरी ने कहा कि सीमा पार से पाकिस्तान लगातार साजिशें रच रहा है। नापाक हरकतों को अंजाम देने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन बीएसएफ ने सीमावर्ती इलाके में लोगाें को सुरक्षित माहौल दिया है। आम लोग भी बीएसएफ के साथ हैं।