जम्मू: पुंछ में मिनी बस खाई में गिरी, तीन बच्चों समेत 12 की मौत, राष्ट्रपति-PM ने जताया दुख
पुंछ की मंडी के सावजियां में मिनी बस खाई में गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई है। वहीं कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। मौके पर बचाव अभियान जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिले के मंडी तहसील के सीमावर्ती सावजियां के बुराड़ी नाला क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार ओवरलोड मिनी बस के 250 फीट खाई में गिर जाने से 12 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 28 घायल हो गए। मरने वालों में तीन स्कूली छात्र और चार महिलाएं भी हैं। दस अन्य स्कूली छात्र भी घायल हुए हैं। गंभीर रूप से छह घायलों को इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर जम्मू के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। चार घायलों को सड़क के रास्ते कश्मीर भेजा गया है। बताते हैं कि बस 24 सीटर थी, लेकिन इसमें 40 लोग सवार थे। सुबह का समय होने के कारण 13 स्कू ली बच्चे भी सवार थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतक परिवार को दो-दो लाख व घायलों को 50 हजार तथा उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख तथा घायलों को एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की।
दुर्घटना बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे की है जब बस गली मैदान से पुंछ जा रही थी। एलओसी पर बुराड़ी नाला क्षेत्र में बस असंतुलित होकर गहरी खाई में जा गिरी। नीचे गिरते ही बस के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया।
सभी घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया। इसके बाद उन्हें अस्पताल तक पहुंचाया गया। घायलों ने बताया कि बस ओवरलोड थी। साथ ही गति भी काफी तेज थी। रास्ता जर्जर होने की वजह से बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बस के गिरते ही तेज आवाज के साथ लोगों की चीख पुकार मच गई। पूरा इलाका खून से सना पड़ा था। खाई में बड़े बड़े चट्टान थे जिसकी वजह से लोगों को ज्यादा चोटें आईं।
इन्होंने तोड़ा दम
बशीर अहमद लोन और उनकी बेटी नजीमा अख्तर, शाहिदा अख्तर, रजिया अख्तर, जरीना बेगम, मशरूफ अहमद, मोहम्मद हुसैन, इमरान अहमद, अब्दुल करीम और अब्दुल कयूम। मरने वालों में गागरान और सराल गांव के लोग थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिवार वाले दौड़े अस्पताल
घायलों के पुंछ जिला अस्पताल पहुंचते ही अफ रातफ री का माहौल रहा। चारो तरफ चीख पुकार मची रही। घटना की सूचना मिलते ही परिवार वाले अस्पताल दौड़ पड़े। अस्पताल सीएमओ डॉ शमीम उल निशा ने बताया कि अस्पताल में 30 घायल लाए गए थे। इनमें दो की मौत हो गई है। 10 लोगों की मौके पर ही जान चली गई थी। कुल 12 लोग इस हादसे में अपनी जान गंवा चुके हैं।
शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना है- राष्ट्रपति
देश की राष्ट्रपित द्रौपदी मुर्मू ने पुंछ सड़क हादसे में दुख जताया है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। राष्ट्रपति ने कहा, 'पुंछ के सावजियां में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।'
The loss of lives in a tragic road accident in Sawjian, Poonch is deeply distressing. My thoughts and prayers are with the bereaved families. I wish speedy recovery of the injured.
— President of India (@rashtrapatibhvn) September 14, 2022
पीएम ने मृतकों के परिजनों के लिए दो लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुंछ सड़क हादसे को दुखद बताया है। उन्होंने पीएमएनआरएफ की ओर से मृतकों के परिजनों के लिए दो लाख रुपये और घायलों के 50 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की। पीएम मोदी ने कहा, 'पुंछ में हुए हादसे में लोगों की मौत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खोया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।'
The loss of lives due to an accident in Poonch is saddening. My thoughts are with all those who lost their loved ones. Wishing the injured a speedy recovery. Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of kin of each deceased and Rs. 50,000 would be given to the injured: PM
— PMO India (@PMOIndia) September 14, 2022
उपराज्यपाल ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने स्वयं राजा सुखदेव सिंह अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायलों को उचित सहायता दिए जाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुंछ के सावजियां में सड़क दुर्घटना में हुई मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना है। घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य की कामना करता हूं। पुलिस और सिविल अधिकारियों को घायलों को हर संभव इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है। मृतकों के परिजन को मदद के लिए पांच लाख रुपये दिए जाएंगे।