अर्जुन मेघवाल ने कहा: विश्व धरोहर बन सकती हैं जम्मू-कश्मीर की कई साइटें, पंचैरी में खुलेगा संग्रहालय
केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल ने कहा कि जनसंपर्क अभियान के तहत जम्मू-कश्मीर में केंद्रीय मंत्री जनता की समस्या को सुनने के लिए पहुंच रहे हैं।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में कई धरोहर स्थल वर्ल्ड हेरिटेज बन सकते हैं। उधमपुर दौरे पर आए केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल ने बुधवार को पंचैरी में कार्यक्रम के दौरान पंचैरी में संग्रहालय और लाइब्रेरी खोलने का एलान किया। वहीं उधमपुर में मीडिया से बातचीत में कहा कि जम्मू-कश्मीर में कई अन्य जगहों पर भी संग्रहालय खोले जा सकते हैं। कई साइटों को विश्व धरोहर की श्रेणी में लाया जा सकता है। पुरातत्व विभाग इसके लिए निश्चित रूप से काम करेगा।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अभियान के तहत जम्मू-कश्मीर में केंद्रीय मंत्री जनता की समस्या को सुनने के लिए पहुंच रहे हैं। इन कार्यक्रमों के दौरान अधर में लटकी परियोजनाओं को समझा जा रहा है और इसके पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इसके बाद इसकी रिपोर्ट मंत्रालय में जमा की जाएगी। इससे परियोजनाओं के काम में तेजी आएगी और अगर कोई परियोजना लंबे समय से अधर में लटकी है तो उसको शुरू करने में मदद मिलेगी है। लोगों की बिजली, पानी की मूलभूत समस्याओं को भी सुना जा रहा है और इनको पूरा करवाने का पूरा प्रयास किया। दौरे के दौरान कई सांस्कृतिक मंत्रालय से संबंधित समस्याओं और मांगों को रखा गया है। मोदी जी के नेतृत्व में इसके लिए काम में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्कृति के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- रो पड़ी घाटी: शहीद के अंतिम दर्शन करने के लिए उमड़ा जन सैलाब, परिवार की हालत ने सबको झकझोर दिया
कलाकारों को पेंशन की होगी कोशिश
पुरातत्व विभाग जम्मू-कश्मीर के प्राचीन स्मारकों के संरक्षण के लिए विशेष तौर पर प्रयास करेगा। सरकार की तरफ से चित्रकला, संगीत के विकास के साथ कलाकारों को भी लाभ प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। आज भी कलाकारों से बात कर समस्याओं को सुना है। इनको पेंशन सहित कई तरह की सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास होगा।