मीरां साहिब। मीरां साहिब क्षेत्र के गांव मलिकपुर में स्थित कब्रिस्तान से रिंग रोड बनाने वाली कंपनी के मिट्टी उठाए जाने पर स्थानीय लोगों ने रिंग रोड निर्माण में लगी कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि अगर फिर से कंपनी ने यहां से मिट्टी उठाई तो वह आने वाले दिनों में बड़ा प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय निवासी सलीम अहमद, रूपलाल, जसपाल, हाजी पीर, सोमराज , मोहम्मद रफीक, साजिद खान ने बताया कि गत दिवस रिंग रोड बनाने वाली कंपनी ने गांव में स्थित कब्रिस्तान से मिट्टी उठाई। जब गांव के लोगों ने विरोध किया तो कंपनी के कर्मचारियों ने लोगों के साथ मारपीट की और उन्होंने इस संबंध में मीरां साहिब पुलिस स्टेशन को जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि कब्रिस्तान से इस तरह से मिट्टी उठाना उचित नहीं है। क्योंकि यहां शवों को दफनाते हैं। उनकी आस्था के साथ जुड़ा है। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी की तरफ से फिर से मिट्टी उठाई गई तो वह जम्मू आरएस पुरा मार्ग अवरुद्ध कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी धर्म के लोग एकत्रित होकर कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। क्योंकि कंपनी की तरफ से लगातार लोगों की जमीनों को नुकसान पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर काफी संख्या में गांव के स्थानीय लोग भी मौजूद थे।