जम्मू कश्मीर: हाईवे पर फंसे फलों से लदे 8800 ट्रक जम्मू के लिए रवाना, अन्य चालकों के लिए खड़ी हो गई परेशानी
शीर्ष ट्रैफिक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि राजमार्ग पर फंसे 10 हजार ट्रक श्रीनगर से जम्मू के लिए रवाना किए गए। इनमें 8820 ट्रक फलों से लदे हुए हैं। उधर, उधमपुर शहर से सटे इलाकों में जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर तीन दिन से रोक रखे ट्रकों की कतारें लगी हुई हैं। इनके कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फंसे 10 हजार ट्रक पिछले 24 घंटे में श्रीनगर से जम्मू के लिए रवाना हुए। इनमें 8820 ट्रक फलों से लदे हुए हैं। एक शीर्ष ट्रैफिक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इन ट्रकों ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड को पार कर लिया है। अब वह जम्मू के लिए रवाना हुए हैं।
अधिकारी के मुताबिक खराब मौसम के बीच वे 24 घंटे में इन वाहनों को दिन-रात पार करने में सफल रहे। वहीं, इस बीच प्रदेश के सूचना विभाग ने ट्विटर पर अपने ऑफिशियल अकाउंट पर ट्वीट कर लिखा, पिछले 24 घंटों के दौरान नवयुग और जवाहर सुरंगों के माध्यम से 8820 फलों से लदे ट्रकों सहित 10000 से अधिक एचएमवी को छोड़ा गया।
मुख्य सचिव ने सभी पदाधिकारियों को बधाई दी और उन्हें गति बनाए रखने के लिए कहा। बता दें, मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता ने विभाग को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे फंसे हुए लोगों को 24 घंटे के भीतर हटाने का निर्देश दिया था।
सेब लदे ट्रकों ने बढ़ाईं मुश्किलें, दूसरों को एक जगह खड़े बीत गए तीन दिन
उधमपुर शहर से सटे इलाकों में जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर तीन दिन से रोक रखे ट्रकों की कतारें लगी हुई हैं। इनके कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हो रहा है। सूत्रों से पता चला है कि पुलिस ने घाटी से बाहरी राज्यों की तरफ सेब के ट्रकों को निकालने के लिए घाटी जाने वाले ट्रकों को रोका है।
हाईवे को जाम से बचाने के लिए दोनों तरफ से ट्रक चलने की अनुमति नहीं दी रही है।करीब दो सप्ताह से हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित है। कभी रामबन में पस्सियां गिरने पर यातायात प्रभावित हो रहा है, तो कभी बार बार जाम लगने पर। इसी दौरान सेब से लदे ट्रकों को घाटी में रोके जाने पर व्यापारियों को नुकसान झेलना पड़ रहा है।
व्यापारियों को नुकसान से बचाने के लिए पुलिस ने पहले इन ट्रकों को निकालने का प्रयास किया है। उन ट्रकों को निकालने के चक्कर में पुलिस ने घाटी जाने वाले ट्रकों को उधमपुर और जम्मू के विभिन्न हिस्सों में रोकना शुरू कर दिया है। शनिवार शाम को पुलिस ने घाटी जाने वाले ट्रकों पर जखैनी इलाके से आगे बढ़ने पर रोक लगा दी थी।
इन ट्रकों को इसी स्थान पर खड़े तीन दिन हो चुके हैं, लेकिन इन्हें अब तक पता नहीं चला है कि पुलिस इन्हें आगे जाने की अनुमति कब देगी। उधमपुर के जखैनी, भारत नगर, रठियान, बट्टलबालियां, मांड, टिकरी व अन्य कई इलाकों में करीब 500 ट्रक रोक रखे हैं।
इन ट्रकों में फल, सब्जी सहित कई जरूरती सामान है, और चालक इस सामान के खराब होने को लेकर चिंतित हैं। ट्रक चालक सोहन लाल, करतार सिंह, सुखदेव सिंह व अन्य ने बताया कि उन्होंने पुलिस से रोके जाने का कारण पूछने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया।
सभी ट्रकों में लदे सामान को लेकर चिंतित हैं। उनकी आंखों के सामने घाटी की ओर से सेब से लदे ट्रक निकल रहे हैं, लेकिन उनके ट्रकों को घाटी की तरफ जाने की अनुमति नहीं मिल रही है। उन्हें कब छोड़ा जाना है, इसके बारे में भी कुछ नहीं बताया जा रहा है?
घाटी की तरफ से लगातार आ रहे सेब लदे ट्रक
सोमवार को सुबह से शाम तक हजारों ट्रक जम्मू की तरफ जाते नजर आए। इनमें ज्यादातर ट्रक सेब से लदे थे। इनकी रफ्तार कम थी। सेब से भरे होने के कारण इन ट्रकों का तेज गति में चलाना संभव नहीं। सूत्रों के अनुसार अगर दोनों तरफ से ट्रकों को रवाना किया जाए तो हाईवे पर जाम की स्थिति बन जाती है। इसी कारण घाटी जाने वाले ट्रकों को रोक कर घाटी से जम्मू की तरफ ट्रकों को रवाना किया जा रहा है।