{"_id":"578c70404f1c1b624fc4b85d","slug":"4-passengers-died-from-cardiac-attack-in-amarnath-yatra","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"अमरनाथ यात्रा: हृदय गति रुकने से चार यात्रियों की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमरनाथ यात्रा: हृदय गति रुकने से चार यात्रियों की मौत
ब्यूरो, अमर उजाला/जम्मू
Updated Mon, 18 Jul 2016 11:29 AM IST
विज्ञापन
- फोटो : Amar Ujala
तीन दिन में अमरनाथ यात्रा के दौरान हृदय गति रुकने से चार यात्रियों की मौत हुई है। पंजाब निवासी राजेंद्र सिंह (35), पश्चिम बंगाल निवासी आरसी बोस (58 ) की बालटाल बेस कैंप में हृदय गति रुकने से मौत हुई।
विज्ञापन
पवित्र गुफा के पास मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी मोहन लाल और राजस्थान निवासी गोविंद प्रसाद की बालटाल रूट पर दोमेल के पास हृदय गति रुकने से मौत हुई। अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें गत दिवस सड़क हादसे में मारा गया एक यात्री भी शामिल है।
विज्ञापन
यात्रा का आंकड़ा 172851 तक पहुंचा
कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ यात्रा जारी है। रविवार को 16वें दिन 4510 भक्तों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। यह इस साल एक दिन में दर्शन करने वाले भक्तों की अब तक की सबसे कम संख्या रही। यात्रा का आंकड़ा 1,72,851 तक पहुंच गया है।
विज्ञापन
यात्रा के लिए आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से पारंपरिक पहलगाम और बालटाल रूट के लिए दोपहर बाद 1889 यात्रियों का जत्था रवाना हुआ। इसमें 1422 पुरुष, 333 महिलाएं और 134 साधु शामिल रहे। बीते कुछ दिन से सुरक्षा कारणों से आधार शिविर जम्मू से दोपहर बाद जत्थे को छोड़ा जा रहा है।
यात्रा रुकने और घाटी में लगातार खराब हालात से यात्रियों की संख्या पर असर पड़ा है। इस बीच, शालामार स्थित महाजन हाल में पहलगाम रूट के लिए 690 यात्रियों का तत्काल पंजीकरण किया गया। रेलवे स्टेशन के पास वैष्णवी और सरस्वती धाम में भी सैकड़ों यात्रियों का तत्काल पंजीकरण किया गया।