उधमपुर। शहर के अंदर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डीसी सचिन कुमार वैश्य ने शहर के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर पुलिस व मोटर व्हीकल डिपार्टमेंट को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार कर आम आदमी को राहत प्रदान की जाए। ई-रिक्शा और भारी वाहनों के लिए यातायात प्रबंधन योजना बनाई जाए। इस मौके पर एसएसपी डाॅ. विनोद कुमार और एआरटीओ रमेश समोत्रा भी साथ में थे।
दौरे के दौरान डीसी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, धार रोड, गोले मेला और दुधर नाला आदि सहित प्रमुख यातायात प्रवाह को पूरा करने वाले क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने मोटर वाहन विभाग द्वारा पहचाने गए ई-रिक्शा और भारी ट्रकों के लिए पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष तौर पर गोले मेला और दुधर नाला का दौरान कर दिशा निर्देश दिए। एआरटीओ और यातायात पुलिस को इन स्थानों पर ई-रिक्शा और भारी वाहनों के लिए यातायात प्रबंधन योजना बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा के दौरान किसी तरह से भी यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए। डीसी ने असुरक्षित घोषित किए गए सलमेह पुल का भी दौरा किया और संबंधितों को सुरक्षा उपाय के रूप में पुल पर केवल हल्के मोटर वाहनों को अनुमति देने का निर्देश दिया।