चिनैनी। बरसात शुरू होने के बाद भी चिनैनी के कई इलाकों में जल संकट गहराने लगा है। लोगों की समस्या को देखते हुए टीम चिनैनी आगे आई है और जरूरतमंदों के घर द्वार तक पानी पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को भी टीम के सदस्यों ने कई स्थानों पर लोगों को घर-घर जाकर पानी मुहैया करवाया है। इसके साथ ही सदस्यों ने जलशक्ति विभाग से जल्द समस्या को दूर करने की अपील की है। वहीं, सुध नहीं होने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है।
चिनैनी कस्बे में जरूरतमंदों तक पेयजल पहुंचाने का बीड़ा चिनैनी की एक टीम ने उठाया है। टीम में शामिल व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान राजेश गुप्ता, पूर्व उपप्रधान अशोक गुप्ता, नंद किशोर, रत्न लाला ठांगरी आदि लोगों की मांग पर घर-घर जाकर पानी पहुंचा रहे हैं। टीम के सदस्यों ने बताया कि एसडीएम, एसडीपीओ, थाना प्रभारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार के सहयोग से जरूरतमंदों की समस्या को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। रविवार को भी कई लोगों को पानी उपलब्ध करवाया गया। उन्होंने कहा कि जलशक्ति विभाग को पेयजल संकट को दूर करना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा। इस कारण लोगों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। लोगों में विभाग के प्रति रोष है। उन्होनें जलशक्ति विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि गर्मी के सीजन में पेयजल किल्लत को जल्द दूर किया जाए अन्यथा मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा।