उधमपुर। राष्ट्रीय एकता सप्ताह के उपलक्ष्य में शहर में पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से रन फार यूनिटी रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया गया।
जखैनी चौक से शुरू हुई इस रैली को डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज स्वर्ण सिंह कोतवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपायुक्त अनंत द्विवेदी और एसएसपी अमृतपाल सिंह भी मौजूद रहे। रैली में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा शहर के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और स्टाफ ने भाग लिया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने एकजुट होकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर डीआईजी स्वर्ण सिंह कोतवाल ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में राष्ट्रीय एकता और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत बनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विभिन्न समुदायों के बीच शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान बनाए रखना बेहद जरूरी है। इस तरह के आयोजनों से लोगों में एकजुटता की भावना को बढ़ावा मिलता है और समाज में आपसी विश्वास एवं भाईचारा मजबूत होता है। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे सरदार वल्लभ भाई पटेल के एकता और अखंडता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं तथा समाज में शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाने में अपनी भूमिका निभाएं। जखैनी चौक से शुरू हुई यह रैली राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरते हुए गोल मेला में संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने देश की एकता, शांति और अखंडता को बनाए रखने के संकल्प को दोहराया।