पौनी। रियासी जिले की तहसील पौनी के 56 वर्षीय सैनिक जगदेव सिंह के पार्थिव शरीर का शुक्रवार को नम आंखों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के अनुसार, जगदेव सिंह को अचानक ब्रेन हैमरेज होने पर तुरंत उधमपुर स्थित सेना के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां सैन्य डॉक्टरों की अनुभवी टीम ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। गहन जांच के बाद विशेषज्ञों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया था। इस हृदयविदारक स्थिति में जहां कोई भी टूट सकता था, वहीं जगदेव सिंह के परिवार ने एक वीर की भांति हौसला दिखाया। परिवार के इस ऐतिहासिक निर्णय के बाद डॉक्टरों ने उनके लिवर और दोनों किडनियों को सफलतापूर्वक निकाला और समय गंवाए बिना हवाई मार्ग से नई दिल्ली के अस्पतालों में प्रत्यारोपण के लिए रवाना कर दिया। जिससे अब तीन नए लोगों को नया जीवनदान मिलेगा।
शुक्रवार को जब जगदेव सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा तो हर आंख नम थी लेकिन सीना गर्व से चौड़ा था। अंतिम संस्कार में उमड़े जनसैलाब ने उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान श्रद्धांजलि देने पहुंचे ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अशरफ कूचे ने भावुक होते हुए कहा कि जगदेव सिंह का यह कदम पूरे जम्मू-कश्मीर के लिए एक महान प्रेरणा बन गया है। वे भले ही आज हमारे बीच सशरीर मौजूद नहीं हैं, लेकिन तीन अलग-अलग शरीरों में धड़कते उनके अंग हमेशा अमर रहेंगे। जगदेव सिंह के इस परोपकार से प्रेरित होकर डॉ. अशरफ कूचे ने खुद भी अपने आठों प्रमुख अंगों का दान करने का संकल्प लिया। जगदेव सिंह अपने पीछे दो बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके अंतिम संस्कार के दौरान नायब तहसीलदार इफ्तिखार अहमद, एसएचओ रविंद्र सिंह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।