उधमपुर। कोरोना टेस्ट की गलत रिपोर्ट देने का मामला गहराने लगा है। जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता सुमित मगोत्रा ने जिला अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति की दो बार करोना टेस्ट निगेटिव आने के बाद उसको पॉजिटिव बताकर परेशान किया गया है, जोकि चिंताजनक है।
रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने जिला अस्पताल प्रशासन पर सवालिया निशान खड़े किए। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्य से लौटे बंसीलाल नामक व्यक्ति ने 28 अप्रैल को उधमपुर पहुंचने के बाद जिला अस्पताल में टेस्ट करवाया था, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। बाद में वह अपने बच्चे को लेकर जम्मू चले गए। लेकिन हैरानी की बात है कि जम्मू पहुंचने के कुछ समय के बाद उन्हें जिला अस्पताल से एक महिला का फोन आता है कि उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव है और आप जल्द आ कर जिला अस्पताल में रिपोर्ट करें। उन्हें काम छोड़ कर फौरन अपना उधमपुर आना पड़ा और जब उन्होंने दोबारा से आरटीपीसीआर टेस्ट करवाया, तो इसबार भी उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं, जिस महिला ने अस्पताल से उनको फोन किया था उनका कहना था कि हमसे गलती हो गई है। मगोत्रा ने मांग करते हुए कहा कि जिला अस्पताल की लापरवाही के खिलाफ जिला प्रशासन कड़ी कार्रवाई करे, ताकि लोगों को परेशानी नहीं उठानी पडे़।