उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में मंगलवार केे कुल 13 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 34 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी और ठीक होने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को बहुत ज्यादा राहत मिल रही है। जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार कोरोना के मामलों में कमी आ रही है।
मामले कम होने के बाद बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने शहर व ग्रामीण इलाकों में टेस्टिंग का काम तेजी से जारी रखा है। हर रोज करीब एक हजार लोगों के टेस्ट किए जा रहे हैं और बहुत कम लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। सोमवार को कुल 13 कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जबकि 34 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। मंगलवार को भी कुल 13 लोग कोरोना संक्रमित पाए और 34 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे। टिकरी में दो, चिनैनी में दो, रामनगर में तीन, बसंतगढ़ में तीन, मजालता में दो और शहर एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 11 हजार को पार कर चुका है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11014 हो गए हैं। इनमें से 10676 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। 131 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में कुल 207 सक्रिय मामले बचे हैं।