पाकिस्तानी सेना नहीं आ रही बाज: अब IB पर गोलीबारी, LoC पर लगातार छठवीं रात फायरिंग; सेना दे रही मुंहतोड़ जवाब
मंगलवार को लगातार छठवीं रात पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर जगह-जगह गोलीबारी की। सेना के जवान पाकिस्तानी हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
विस्तार
पहलगाम हमले के बाद नियंत्रण रेखा पर जगह-जगह फायरिंग कर अशांति फैलाने वाली पाकिस्तानी सेना अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। मंगलवार रात उसने जम्मू संभाग के परगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर भी फायरिंग की। वहीं, मंगलवार को लगातार छठवीं रात उसने नियंत्रण रेखा पर जगह-जगह गोलीबारी की। सेना के जवान पाकिस्तानी हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में लगातार छठे दिन भी पाकिस्तानी सेना ने छोटे हथियारों का इस्तेमाल करते हुए नियंत्रण रेखा (एलओसी) के करीब भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाने की कोशिश की। सेना ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तानी सेना ने उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और बारामुला के साथ-साथ जम्मू संभाग के अखनूर, नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बिना उकसावे के पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी जारी रखी। आईबी पर भी पाकिस्तानी सेना ने नापाक हरकतें कीं, जिसका सेना ने माकूल जवाब दिया।
बायसरन घाटी की 3-डी मैपिंग होगी
पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच में तेजी लाते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी ( एनआईए ) की टीम मौके पर पहुंच गई है। सूत्रों के अनुसार, एजेंसी अब घटनास्थल की 3D मैपिंग करने की योजना बना रही है ताकि हमले की बारीकी से पड़ताल की जा सके।
एनआईए की तकनीकी टीम घटनास्थल के डिजिटल मैपिंग और पुनर्निर्माण की मदद से जानने की कोशिश करेगी कि हमलावरों ने किस तरह घुसपैठ की और हमले को किस तरह अंजाम दिया गया था। इस दौरान, एनआईए स्थानीय पुलिस, सेना और सुरक्षाबलों से मिलकर जांच को आगे बढ़ा रहा है।
यह भी पढ़ें- बदलाव : गोलियों के बीच बेखौफ बच्चे बुन रहे सुनहरे भविष्य का सपना, स्कूल की दीवारें सुनाती हैं आतंक की कहानी
संबंधित वीडियो-