कुपवाड़ा में घुसपैठ नाकाम: सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया, AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद
कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों ने नियंत्रण रेखा के पास दो आतंकियों को ढेर किया है। मौके से दो एके 47 राइफल और अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के माच्छिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सुरक्षाबलों ने घुसपैठ का साजिश को नाकाम करते हुए दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया। आतंकियों से दो एके राइफल, दो पिस्तौल और चार हथगोले बरामद किए हैं। मारे गए आतंकियों की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है। इनके पास से मिले हथियार व अन्य सामग्री को देखकर ऐसा लगता है कि वे युद्ध जैसी तैयारियों के साथ आए थे।
माच्छिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर चौकसी
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि नियंत्रण रेखा से घुसपैठ की कोशिश हो सकती है। इसके बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने माच्छिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर चौकसी बढ़ा दी। रविवार सुबह कुपवाड़ा जिले के माच्छिल सेक्टर के टेकरी नार पर सुरक्षाबलों को कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं।
घुसपैठियों ने गोलीबारी शुरू कर दी
सुरक्षाबलों ने उन्हें ललकारा तो घुसपैठियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में दो दहशतगर्द मारे गए। सेना की चिनार कोर ने ट्वीट कर बताया कि आतंकियों के पास से 2 एके 47 राइफल्स, दो पिस्तौल, 4 ग्रेनेड, खाने-पीने की सामग्री और युद्ध जैसी अन्य सामग्री बरामद हुई है।
पाकिस्तानी करेंसी भी मिली
मारे गए आतंकियों के पास पाकिस्तानी करेंसी भी मिली है। एक हजार के तीन नोट, पांच सौ के दो तथा 50 रुपये के सात नोट बरामद किए गए हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि मारे गए दोनों पाकिस्तानी आतंकी थे।
मई में भी कुपवाड़ा हुई थीं दो कोशिशें
इस वर्ष मई माह में सुरक्षाबलों ने कुपवाड़ा जिले में 25 व 31 मई को दो अलग-अलग मुठभेड़ों में घुसपैठ की साजिशों को नाकाम करते हुए चार लश्कर आतंकियों को मार गिराया था। तंगधार सेक्टर में 31 मई को भारी हथियारों से लैस आतंकी रात के अंधेरे में एलओसी लांघकर भारतीय सीमा में घुस आए।
तड़के चार बजे सेना ने आतंकियों को घेरे में ले लिया। ब्रिगेड हेड क्वार्टर से मात्र 200 मीटर दूर एक घर में छिपे लश्कर के तीन आतंकियों को मार गिराया था। इससे पहले 25 मई को घुसपैठियों से मुठभेड़ में तीन जवान शहीद हो गए थे, जबकि एक आतंकी मारा गया था।
पुलवामा में बिहार के दो श्रमिकों को दहशतगर्दों ने मारी गोली
इससे पहले शनिवार की रात दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने दो बाहरी मजदूरों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। फायरिंग में घायल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आतंकियों के हमले में घायल मजदूरों की शिनाख्त बिहार के बेतिया जिले के शमशाद व फैजान कासरी के रूप में हुई है। दोनों काम कर रतनीपोरा लौट रहे थे तभी रास्ते में आतंकियों ने उन्हें रोककर गोली मार दी। खून से लथपथ होकर गिरने के बाद आतंकी भाग निकले। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- हिजबुल से मिलकर जम्मू-कश्मीर को अलग मुल्क बनाना चाहता था पूर्व मंत्री बाबू सिंह, SIA का आरोप
वहीं, 11 अगस्त को कश्मीर संभाग के बांदीपोरा में आतंकियों ने गैर-स्थानीय नागरिक पर फायरिंग की थी। इस हमले में नागरिक गोली लगने से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया था। मृत मजदूर की पहचान बिहार निवासी मजदूर मोहम्मद अमरेज के तौर पर हुई थी।
ये भी पढ़ें- जानें कब करेंगे गुलाम नबी आजाद नई पार्टी की घोषणा