{"_id":"920a710d27d6e75997a870ef26fd6ec1","slug":"encompass-the-salaries-of-nurses-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"वेतन के लिए नर्सों का धरना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वेतन के लिए नर्सों का धरना
ब्यूरो/अमर उजाला, राजोरी
Updated Sat, 11 Oct 2014 01:59 AM IST
विज्ञापन
जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में कार्य कर रही परिवार कल्याण विभाग की नर्सों को पिछले करीब आठ महीनों से वेतन नहीं मिला है। कई बार बकाया वेतन रिलीज करने की मांग से भी जब विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई तो नर्सों ने सीएमओ कार्यालय का घेराव कर धरना दिया।
विज्ञापन
शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में नर्सों ने सीएमओ कार्यालय पहुंच कर प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर नर्स कंचन कुमारी ने विभाग के प्रति कड़ा रोष प्रकट करते हुए कहा कि कमरतोड़ महंगाई के चलते बिना वेतन के गुजारा करना संभव नहीं हो रहा है। सरकार और विभाग को अपने कर्मियों की कोई चिंता नहीं है। दिन रात अपनी ड्यूटी करने वाले कर्मियों को यदि समय पर वेतन ही नहीं मिलेगा तो वह कैसे अपना कार्य करेंगे।
विज्ञापन
डाली शर्मा ने बताया कि बिना वेतन के उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि कई महीनों से वह अपने बच्चों की स्कूल फीस तक नहीं दे पाई हैं। नसरीन अख्तर ने कहा कि वह न तो ईद मना पाई हैं और अन्य नर्सें भी करवाचौथ मनाने की दशा में नहीं हैं। दीवाली आने वाली है, लेकिन सरकार द्वारा वेतन रिलीज करने को लेकर फंड उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
इस बारे में जब राजोरी के सीएमओ डाक्टर राजीव शर्मा से बात की तो उन्होंने बताया कि सभी नर्सें परिवार कल्याण विभाग के तहत कार्य कर रही हैं। विभाग से फंड उपलब्ध करवाने के लिए कई बार लिखित में कहा गया है। वहीं सीएमओ ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि कुछ ही दिनों में नर्सों को बकाया वेतन प्रदान कर दिया जाएगा।