पुंछ। पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान का इस वर्ष के पहला चरण रविवार को शुरू किया गया। राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में उपायुक्त राहुल यादव और सीएमओ डॉ. गुलाम अहमद मीर ने कुछ नौनिहालों को दो बूंद जिंदगी की दवा पिला कर अभियान शुरू कराया। उपायुक्त ने लोगों का आह्वान किया कि वह बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलाएं।
अभियान का उद्घाटन समारोह राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मुश्ताक हुसैन जाफरी ने की। उपायुक्त ने कहा कि जिला वर्ष 2014 से पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन क्षेत्र को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए हर बार अभियान को लगन से पूरा करना हमारा प्रथम कर्तव्य है। डॉ. अहमद मीर ने बताया कि इस बार जिले में हमारा लक्ष्य नवजात से पांच वर्ष तक की आयु के 78 हजार नौनिहालों को पोलियो की दवा पिलाना है। इसके लिए हमने जिले में 417 पोलियो दवा पिलाने के केंद्र स्थापित किए है। जिन पर 1700 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इनमें स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आंगनबाड़ी वर्कर्स, आशा वर्क र्स, एनएसएस, एनसीसी कैडेट शामिल हैं।