पुंछ। जिले में शुक्रवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के कार्यों से जुड़े कारीगरों ने अपने उपकरणों, औजारों की सफाई करने के साथ ही भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना करते हुए उनसे कारोबार में वृद्धि और काम के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं से रक्षा की प्रार्थना की।
भगवान विश्वकर्मा की पूजा के बाद कारोबार को बंद कर दिया गया। विश्वकर्मा जयंती मनाने वाले कारीगरों सुनील कुमार, गणेश कुमार और रिक्की कुमार कहना था कि हमारे लिए आज का दिन बहुत बड़ा दिन है। आज ही के दिन भगवान विष्णु के अंश भगवान विश्वकर्मा जिन्हें शिल्प एवं निर्माण कला कर देवता माना गया है, उनका अवतरण हुआ था। इसके बाद आज कई युग बीत जाने के बाद भी सनातन धर्म के अनुयायी दीपावली के दूसरे दिन भगवान विश्वकर्मा की जयंती मनाते हुए उनका पूजन करते हुए अपने कार्य में और कुशलता का वरदान प्राप्त करते हैं। हमने भी बड़ी ही श्रद्धा के साथ पूजन किया है। सभी हथियारों का भी पूजन किया और अब हम कल तक इन को हाथ भी नहीं लगाएंगे। इसीलिए आज हमने अपना काम बंद कर दिया है।