रामकोट। पंचायत मकवाल के वार्ड 9 के अंतर्गत आने वाले इलाके धन्नी और गुरगाड़ा में आज भी नल से पानी की आपूर्ति संभव नहीं हो पाई है। इससे लोगों को पेयजल के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में लोगों को पीने के पानी के लिए नाला पार करके पानी लाना पड़ता है। इससे हर समय जान माल के नुकसान का भी डर बना रहता है।
स्थानीय निवासी रमेश कुमार ने बताया कि इलाके में कोई हैंडपंप नहीं है। ऐसे में लोगों को प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाना पड़ता है। औरतों को दूर से पानी लाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वार्ड 9 के निवासी सोमराज ने बताया कि कुछ वर्ष पहले एक पानी का हौज संबंधित विभाग द्वारा पलंग इलाके में बनाया गया था, लेकिन खाली रहने की वजह से उस में दरारें पड़ती जा रही हैं। संबंधित विभाग ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों ने सरकार से मांग की कि जल्द पंचायत मकवाल के वार्ड 9 इलाके में पानी की व्यवस्था के लिए कोई सकारात्मक कदम उठाया जाए। गुरगाड़ा निवासी कासिम दीन ने कहा कि वार्ड 9 का यह इलाका तहसील मुख्यालय से महज 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है लेकिन यहां पर आज तक पीने के पानी की व्यवस्था के लिए न ही कोई पाइप लाइन बिछाई गई है और न ही कोई नल है। इससे लोगों को बहुत परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस इलाके में पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था की जाए।