कठुआ। देश के 73वें गणतंत्र दिवस पर जिला स्तर के समारोह की सोमवार को होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। रविवार को बारिश और भीषण ठंड के बावजूद शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड में शामिल होने वाली सभी 12 टुकड़ियों ने जिला पुलिस के ब्रास बैंड की धुन पर जमकर अभ्यास किया। इस दौरान डीएसपी डीआर सुखदेव सिंह और जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के जिला अधिकारी सुनील कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिन्होंने परेड की तैयारियों पर संतोष जताते हुए सभी दलों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। वहीं, इस दौरान समारोह स्थल को सजाने संवारने के लिए दिन भर विभिन्न विभागों की कार्रवाई जारी रही।
समारोह के संबंध में जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के मीडिया प्रभारी मास्टर मोहन लाल डब्ब ने बताया कि फुल ड्रेस रिहर्सल में पूर्व की परंपरा का अनुसरण करते हुए सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर ध्वजारोहण मुख्य अतिथि डीसी राहुल यादव करेंगे। इसके बाद परेड का निरीक्षण और मार्च पास्ट होगा। वहीं स्कूली विद्यार्थियों द्वारा इस मौके पर पेश किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की झलकी भी पेश की जाएगी। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि समारोह को कोरोना के संक्रमण से सुरक्षित बनाए रखने के लिए बगैर मास्क के प्रवेश वर्जित रखा गया है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर शारीरिक दूरी का शत प्रतिशत अनुपालन होगा।