{"_id":"eaf0f0e5a114fbe1246318460bf99b22","slug":"protest-against-terrorist-attack-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पठानकोट में आतंकी हमले पर भड़के शिव सैनिक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पठानकोट में आतंकी हमले पर भड़के शिव सैनिक
कठुआ/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Mon, 04 Jan 2016 01:01 AM IST
विज्ञापन
पठानकोट में वायुसेना स्टेशन पर आतंकी हमले के बाद विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का गुस्सा पाकिस्तान के खिलाफ फूटने लगा है।
विज्ञापन
रविवार को शिव सेना बाल ठाकरे की जिला इकाई ने शहीदी चौक में पाकिस्तान का झंडा जलाकर आतंकी घटना के पीछे पाकिस्तान का हाथ होने की बात कही। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार से पाक के साथ हर रिश्ता समाप्त करने की बात कही।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे राज्य कार्यकारिणी सलाहकार मंत्री राधे राधे पाकिस्तान के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने नरमी दिखाई और पाक प्रधानमंत्री के जन्म दिवस पर उनके देश भी गए। लेकिन, पाकिस्तान ने ठीक सात दिन बाद हमेशा की तरह पीठ पर वार करते हुए साबित कर दिया कि वह भारत के साथ नरमी नहीं बरतेगा।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि पठानकोट में मारे गए आतंकी पाकिस्तान में ट्रेनिंग लेकर आए थे। वे पाकिस्तान में अपने आकाओं के साथ संपर्क में भी थे। ऐसे में साफ है कि पाकिस्तान की शह पर ही भारत में आतंकी हमले होते हैं। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान को सबक सिखाना है तो उसके साथ हर रिश्ता समाप्त करना होगा।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों में शामिल जिला अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद को पनाह देने वाले देशों का दर्जा दिया जाना चाहिए। पाकिस्तान की ओर से हमेशा से ही भारत में आतंकी हमले करवाने और घुसपैठ करने की योजनाओं को अंजाम दिया जाता है।
ऐसे में पाकिस्तान जाने वाली ट्रेन, व्यापारिक संबंधों के साथ पाकिस्तान में भारत के सभी राजदूतों को वापस बुला लिया जाना चाहिए। इन सबसे पाक को साफ संदेश जाएगा कि भारत अब किसी भी सूरत में नरमी नहीं दिखाएगा। इसके साथ ही द्विपक्षीय वार्ता के आयोजन के साथ अन्य किसी भी वार्ता में पाक के साथ बात नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को अब पाक के खिलाफ सख्त कदम उठाने होंगे। इस मौके पर दिलावर शर्मा, रिंकु शर्मा, लाला शर्मा, अंशु शर्मा, विकास शर्मा आदि उपस्थित रहे।