हीरानगर। भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा हीरानगर म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट विजय कुमार शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ कंडी क्षेत्र के गांव मेला का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी।
उन्होंने इन लाभकारी योजनाओं का लाभ लेने की बात करते हुए कहा कि केंद्र की स्वास्थ्य बीमा योजना (आयुष्मान) जिसमें हर परिवार के लिए 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज का प्रावधान रखा गया है।, बहुत ही अच्छी योजना है। सभी लोग अपने-अपने आयुष्मान गोल्ड कार्ड जल्दी से बनवा लें। साथ ही ई -श्रम कार्ड के भी लाभ बताए, तथा कहा कि किसान निधि का दो -दो हजार रुपया सीधा किसानों के खाते में जा रहा है जो एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कोशिश है कि युवाओं को रोजगार के नए-नए अवसर उपलब्ध करवाए जाएं, जिसके लिए केंद्र सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष कर रही है। प्रधानमंत्री की कोशिश है कि हर युवा अपना कारोबार शुरू करके न सिर्फ अपना रोजगार बनाए अपितु औरों को भी रोजगार का अवसर दें। देश में लाखों युवा पढ़ लिख कर नए-नए स्टार्टअप शुरू कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है, ऐसे में युवा अपना कारोबार शुरू करके अपने तीन चार लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं। इस अवसर पर पार्टी के जिला महामंत्री नरेश गोस्वामी, रवि सलगोत्रा, सुदेश वसोत्तरा, पार्षद सुभाष चंद्र, अजय कुमार शर्मा, कमल कुमार शर्मा तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।