कठुआ। बरनोटी ब्लॉक के बुद्धि साउथ पंचायत में विश्व शौचालय दिवस पर ग्रामीण क्षेत्र के आम लोगों को स्वच्छता का महत्व बताने लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों और अधिकारियों ने भाग लेते हुए लोगों को स्वच्छता का महत्व बताया। इस मौके पर जम्मू-कश्मीर के ग्रामीण स्वच्छता निदेशक चरणदीप सिंह ने बताया कि खराब स्वच्छता विभिन्न बीमारियों का एक मुख्य कारण है। लोगों को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
वहीं दौड़ के उपरांत हायर सेकेंडरी स्कूल बुद्धि में स्वच्छ भारत मिशन पर नृत्य, गीत, शौचालय के महत्व पर नाटक, नुक्कड़ नाटक, हाथ धोने पर डेमो, वाद-विवाद प्रतियोगिता आदि विभिन्न प्रदर्शनों के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्वच्छता का महत्व बताया। कार्यक्रम के दौरान शौचालय के उपयोग के बारे में जनता के बीच जागरूकता पैदा करने, व्यक्तिगत स्वच्छता के बारे में जागरूकता फैलाने, ठोस तरल अपशिष्ट प्रबंधन, किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता की जानकारी दी गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे जम्मू-कश्मीर के ग्रामीण स्वच्छता निदेशक चरणदीप सिंह ने बताया कि खराब स्वच्छता विभिन्न बीमारियों का एक मुख्य कारण है और लोगों को खुले में शौच के स्वास्थ्य जोखिम को समझना चाहिए। उन्होंने इस वर्ष 2022 की थीम ‘मेकिंग द इनविजिबल विजिबल’ के बारे में बोलते हुए कहा कि कैसे अपर्याप्त स्वच्छता प्रणालियां और मानव अपशिष्ट नदियों, झीलों और मिट्टी में फैलाता हैं, जो हमारे भूमिगत जल संसाधनों को प्रदूषित करता है। यह समस्या अदृश्य प्रतीत होती है, क्योंकि जल प्रदूषण भूमिगत होता है। भले ही भारत ने पहले ही सुरक्षित स्वच्छता तक पहुंच से संबंधित सतत विकास लक्ष्य लक्ष्य 6.2 हासिल कर लिया है, पूरे देश ने अक्तूबर 2019 में ओडीएफ का दर्जा हासिल कर लिया था। लेकिन हमें अभी और सुधार करना होगा और अब ओडीएफ प्लस का दर्जा हासिल करने के लिए अपने सभी प्रयास करने होंगे। इस अवसर पर निदेशक ग्रामीण स्वच्छता चरणदीप सिंह ने प्रतिभागी छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में डीडीसी बरनोटी सुषमा देवी, बीडीसी बरनोटी बृजेश्वर सिंह इंदु, सरपंच, पंच, सहायक आयुक्त (पंचायत) कठुआ दानिश रसूल मीर, साहिल अबरोल, बीडीओ बरनोटी, सचिन, बीडीओ नगरी, ग्रामीण स्वच्छता अधिकारी व स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।