महानपुर। पहाड़ी क्षेत्र तहसील महानपुर में साइबर क्राइम ने जोर पकड़ा है। यहां विभिन्न नंबरों से फोन करके लॉटरी निकालने का झांसा देकर दो युवकों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। सोमवार को युवक मदन कुमार पुत्र बिशन दास निवासी महानपुर ने बताया कि उसे फोन आया कि तुम्हारी 25 लाख की लॉटरी निकली है, लेकिन तुम्हें 40 हजार रुपये जमा करवाने हैं तभी लॉटरी का पैसा मिलेगा।
उसने बताया कि वह ठगों की बातों में आ गया और उसने 14 हजार रूपये पहले ऑनलाइन जमा करवाए। इसके बाद ठगों ने उससे कहा कि बाकी पैसे भी तत्काल जमा कराएं। इसके बाद मदन कुमार ने पूरी बात सरपंच सोहन लाल गुप्ता को बताई। सरपंच ने उसे बाकी पैसा जमा कराने के लिए उसको मना कर दिया और बताया कि यह लोगों से ठगी करते हैं और इनका यही काम है। वहीं, सरपंच ने बताया कि कुछ दिन पहले साहिल कुमार पुत्र मोहन लाल निवासी महानपुर भी इसी तरह साइबर ठगों के झांसे में आया था। उसने 44 हजार रुपये ठगों के खाते में जमा करवा दिए थे, लेकिन जब उसने लॉटरी के पैसे के लिए फोन किया तो सभी फोन बंद हो चुके थे। हालांकि, उपरोक्त दोनों युवकों ने पुलिस चौकी महानपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। सरपंच ने महानपुर सहित अन्य क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि अगर कोई ऐसे लॉटरी निकलने या किसी अन्य संदिग्ध कारण से फोन कर पैसे जमा कराने की बात कहे, तो उसके झांसे में न आएं और इसके बारे में पुलिस को सूचित करें।