बिलावर। लोक निर्माण विभाग ने गुज्जर बस्ती की तरफ जाने वाली सड़क का निर्माण 8 वर्ष पूर्व शुरू किया था। जिसे आज तक पूरा नहीं किया गया है। गुज्जर बस्ती के निवासी गुलजार अहमद ने बताया कि 8 वर्ष पूर्व गुज्जर बस्ती मोहल्ले के लिए 2 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने किया था, जो आज तक पूरा नहीं हो पाया है। माऊ दीन ने बताया कि सड़क के भूमि कटाव का काम पूरा हो गया है। इसके बाद विभाग ने कंकर और तारकोल नहीं बिछाया।
जगदीश चंद्र ने बताया कि गुज्जर बस्ती के कई लोगों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क का काम पूरा करने के लिए गुहार लगाया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों ने बताया कि कई लाखों रुपये की राशि सड़क बनाने के लिए खर्च की जा चुकी है लेकिन सड़क का कोई भी फायदा लोगों को नहीं मिल पा रहा है। सुभाष चंद्र ने बताया कि इन दिनों तो सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा के बरसात के मौसम के बाद ज्यादातर सड़क नाले में तब्दील हो गई है। इससे बस्ती के कई लोग सड़क पर ठोकरें खाने को मजबूर हैं। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द 2 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया जाए। साथ ही सड़क की मरम्मत करने के साथ-साथ तारकोल बिछाया जाए। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुनील शर्मा ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए स्टीमेट बनाकर भेजा गया है सरकार की ओर से राशि स्वीकृत होते ही सड़क की मरम्मत की जाएगी।