कठुआ। जिले में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के लिए प्रशासन अब कंटेनमेंट और हॉटस्पॉट जोन में सौ फीसदी स्क्रीनिंग करवाने की तैयारी में है। इसी कवायद के तहत इसी सप्ताह से जिले के सभी कंटेनमेंट, हॉट स्पॉट या फिर उन क्षेत्रों जहां से लोग पॉजिटिव पाए गए हैं, वहां आसपास के सभी लोगों के सैंपल कोरोना जांच के लिए लेकर भेजे जाएंगे। कोरोना को सामुदायिक संक्रमण बनने से रोकने के लिए जिला प्रशासन ने यह अहम फैसला लिया है।
डीसी ओम प्रकाश भगत ने कहा कि सभी ऐसे क्षेत्र जहां से कोरोना के संक्रमित सामने आ चुके हैं वहां हर व्यक्ति की कोरोना जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को सामुदायिक संक्रमण बचाने से रोकने के लिए यह कदम उठाया जाना बेहद जरूरी है। प्रदेश के बाहर से आ रहे लोगों का दबाव अब कम होता जा रहा है ऐसे में क्वारंटीन सेंटरों में संदिग्ध लोगों को शिफ्ट करने की व्यवस्था भी प्रशासन के पास उपलब्ध है। बताया कि क्वारंटीन सेंटरों में ड्यूटी दे रहे नोडल अधिकारियों, स्वास्थ्य, सफाई, पुलिस कर्मचारियों की भी कोरोना जांच के लिए सैंपलिंग शुरू की जा रही है। डीसी ने कहा कि व्यवसायियों से लेकर फल सब्जी विक्रेताओं, की भी कोरोना जांच की जाएगी, ताकि समय पर ऐसे मामलों का पता लगाकर रोकथाम के प्रयास किए जा सकें।